Published On : Sat, Jun 27th, 2020

गोंदियाः उसने मोहब्बत की दिल से और चौखट पर दम तोड़ दिया

Advertisement

खिड़की की ग्रिल पर झूलती मिली महिला की लाश

गोंदिया :प्यार ने उसे अंधा ही नहीं, दीवाना भी कर डाला.. अपने प्रेमी को हासिल करने की चाह में उसने अपना घर-बार छोड़कर प्रेमी के शहर में ही किराए का कमरा लेकर नया ठिकाना बना लिया, लेकिन नियती को कुछ ओर ही मंजूर था।

प्यार में असफल होने पर वह भीतर से टूट चुकी थी, इसी बीच उसकी लाश संदेहास्पद अवस्था में आमगांव के तुकड़ोजी चौक निकट स्थित एक मकान की खिड़की की लोह ग्रिल में दुपट्टे के सहारे आज 27 जून शनिवार के सुबह झूलती हुई पायी गई।

सूत्रों से प्राप्त जानकारीनुसार 35 वर्षीय सीमा नामक महिला मूलतः देवरी तहसील के ग्राम भागी की निवासी है तथा 14-15 वर्ष पूर्व उसका ब्याह देवरी तहसील के ग्राम नरेटीटोला निवासी युवक के साथ हुआ था। एक बेटी होने के बाद पति-पत्नी के बीच आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर उलझन होने लगी।

Advertisement

अनबन इस कदर बड़ी कि रिश्तों में खटास आ गई और सीमा अपनी बेटी को लेकर मां के घर ग्राम भागी आ गयी और देवरी की एक राष्ट्रीयकृत बैंक में बतौर कर्मचारी के रूप में डियुटी पर लगी और इसी दौरान मोबाइल रिचार्ज के सिलसिले में उसका देवरी की एक दुकान पर आना-जाना था और यहीं से उसका आमगांव निवासी युवक के साथ प्यार परवान चढ़ा।

अपने प्यार को हासिल करने के लिए सीमा ने आमगांव के रिसामा स्थित बैंक कॉलोनी में एक किराए का कमरा लिया और गत 2-3 महीनों से वहीं रह रही थी तथा डियुटी के सिलसिले में रोज देवरी आना-जाना करती थी, इसी बीच कहानी में नया मोड़ आ गया और ग्राम रिसामा स्थित अपने घर से तुकड़ोजी चौक के लिए निकली सीमा की लाश एक मकान के लोह ग्रिल में दुपट्टे के सहारे आज सुबह झूलती हुई पायी गयी।

प्रकरण की जांच कर रहे सहायक निरीक्षक सौंजाल ने जानकारी देते बताया, घटना 27 जून के तड़के 2 बजे के दौरान घटित हुई, जिसकी जानकारी आज सुबह मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्पॉट पंचनामा पश्‍चात लाश पोस्टमार्टम हेतु भेजी गई है।

मृतका सीमा मूलतः देवरी के ग्राम भागी की निवासी है तथा उसका ससुराल देवरी तहसील के ग्राम नरेटीटोला का है। उक्त महिला 2-3 माह से ग्राम रिसामा में रह रही थी जिसकी लाश तुकड़ोजी चौक के एक घर के बरामदे में स्थित खिड़की के ग्रिल में दुपट्टे के सहारे झूलती पायी गयी।

बहरहाल इस संदर्भ में मृतका की मां की शिकायत पर आमगांव पुलिस ने धारा 174 आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। इस केस से संबंधित लोगों के बयान कल दर्ज किए जाएंगे तभी मौत के रहस्य से पर्दा हटेगा।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.