
गोंदिया। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में तीन युवाओं की जान चली गई। गंगाझरी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत दांडेगांव बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार पुलिस वाहन ने पल्सर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है और गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
दो नाबालिगों समेत तीन दोस्तों की मौत
गंगाझरी थाने के पुलिस निरीक्षक राजूरकर से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार (25 नवंबर) रात करीब 10:30 बजे हुआ। तीनों युवक एक ही पल्सर बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी दांडेगांव बस स्टैंड के करीब गंगाझरी पुलिस थाने के वाहन से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। मृतकों की पहचान खलबंदा निवासी रितेश बावनकर (17), शिवप्रसाद कांबले (17) और तिरोड़ा तहसील के सेजगांव निवासी कार्तिक बिसेन (20) के रूप में हुई है। दो नाबालिगों समेत तीन युवाओं की असमय मौत से ग्राम खरबंदा और सेजगांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर जलाए टायर
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौके पर जमा हो गए। इस टक्कर में पुलिस वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस वाहन रॉन्ग साइड होने की लापरवाही के कारण ही तीन मासूमों की जान गई है। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर टायर जलाए और यातायात बाधित कर अपना विरोध दर्ज कराया तथा पीड़ित परिवार के प्रत्येक घर के एक सदस्य को सरकारी नौकरी मैं समाविष्ट करने की मांग की है।
दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद से क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। गोंदिया जिला पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे तथा गोंदिया के विधायक विनोद अग्रवाल ने घटनास्थल का दौरा कर ग्रामीणों से बात की प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला (FIR) दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
रवि आर्य




