
गोंदिया। आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मुनाफाखोरों के खिलाफ गोंदिया जिला प्रशासन और FDA ने सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है।
मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने कुड़वा क्षेत्र में स्थित शालीमार होटल की मिठाई निर्माण इकाई पर अचानक धावा बोल दिया।
सुबह 8:30 बजे की गोपनीय घेराबंदी
शहर के लोहिया वार्ड स्थित विजय मेडिकल स्टोर के पीछे गुपचुप तरीके से चल रहे मिठाई कारखाने ( शिफा डेयरी ) की भनक लगते ही प्रशासन ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया। मंगलवार सुबह ठीक 8:30 बजे, जब शालीमार होटल हेतु कारखाने के भीतर मिठाइयां तैयार करने का काम जोरों पर था, एफडीए उपायुक्त अमृता शिर्के और अपर जिलाधिकारी अभिजीत घोरपड़े के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने पूरे परिसर को घेर लिया। अचानक हुई इस छापेमारी से वहां मौजूद कारीगरों और संचालकों में अफरा-तफरी मच गई।
संदेहास्पद मिठाइयां और खतरनाक केमिकल्स बरामद
जांच टीम जैसे ही कारखाने के भीतर दाखिल हुई, वहां की स्थिति देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।
अस्वच्छता और गंदगी भरे माहौल के बीच भारी मात्रा में तैयार मिठाइयां रसमलाई, घटिया गुणवत्ता का 200 किलो मावा, कढ़ाई में मौजूद संदिग्ध घी और रंग-रोगन के लिए इस्तेमाल होने वाले विभिन्न लिक्विड रासायनिक पदार्थ पाए गए। टीम ने मौके से भारी मात्रा में मिलावटी सामग्री ज़ब्त कर ली और नमूनों को फोरेंसिक व लैब परीक्षण के लिए सील कर दिया।
अधिकारियों ने कारखाने से बदबूदार नमकीन, घरेलू उपयोगी 3 गैस सिलेंडर , दो दुपहिया वाहन सहित लाखों का माल जप्त किया , पंचनामा करवाई मौके पर मौजूद FDA और रामनगर थाना पुलिस टीम द्वारा की गई।
सख्त तेवर: तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, यह पूरी मुहिम कड़क प्रशासनिक कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे के सीधे मार्गदर्शन में चलाई जा रही है। टीम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्वास्थ्य से समझौता करने वाले किसी भी रसूखदार को बख्शा नहीं जाएगा , और यह छापामार धड़क मुहिम त्यौहारी सीजन में आगे भी जारी रहेगी ।
बता दें कि सुबह से शुरू हुआ पंचनामा, तलाशी और जब्ती का यह सिलसिला कई घंटों तक अनवरत जारी रहा।
मिलावट करने वाले सिंडिकेट में खलबली
शालीमार होटल जैसी चर्चित पहचान से जुड़े कारखाने पर इस बड़े एक्शन की खबर जैसे ही शहर में फैली, खाद्य सामग्री और मिठाई के धंधे में मिलावट करने वाले सिंडिकेट में खलबली मच गई। प्रशासन की इस त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है, वहीं अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में जिलेभर में ऐसे कई अन्य ठिकानों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
रवि आर्य






