
गोंदिया | अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद (AHP) के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने रविवार को गोंदिया में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राम मंदिर चंदा चोरी, महिला सुरक्षा, यूपी की सियासत और किसानों के मुद्दों पर बेबाक बयान दिए।
राम मंदिर चंदा चोरी: समय पर FIR ना होना , बड़ी चूक
राम मंदिर चंदा चोरी विवाद पर डॉ. तोगड़िया ने कहा कि मैं मंदिर बनाने तक साथ था, चलाने में नहीं। चंदा चोरी करोड़ों हिंदुओं का अपमान और पाप है। जिस दिन आरोपियों के घरों से 81 लाख रुपये बरामद हुए, उसी दिन एफआईआर दर्ज कर उन्हें व्यवस्था से बाहर करना चाहिए था।
ना समय पर FIR हुई और ना निकाला गया ? समय पर कार्रवाई न होना बड़ी चूक है।
अखिलेश यादव: राम मंदिर नहीं जाएंगे तो सद्बुद्धि नहीं मिलेगी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे और ‘हृदय परिवर्तन’ के सवाल पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “मैं कैंसर का डॉक्टर हूं, हार्ट का नहीं, इसलिए हृदय परिवर्तन पर कुछ नहीं कह सकता। पर विश्वास है कि किसी भी दल का व्यक्ति मंदिर जाएगा, तो भगवान उसे सद्बुद्धि जरूर देंगे। मंदिर नहीं जाएंगे तो उनको सद्बुद्धि नहीं मिलेगी ।
“2027 यूपी चुनाव के नतीजों पर उन्होंने कहा कि परिणाम भगवान तय करते हैं।
महिला सुरक्षा का लाइव डेमो और ‘झटका शस्त्र’:
महिला सुरक्षा को प्रमुख एजेंडा बताते हुए डॉ प्रवीण तोगड़िया अचानक अपनी कुर्सी से उठे और एक वॉलंटियर के साथ लाइव डेमो देकर दिखाया कि पीछे से दुपट्टा खींचे जाने पर बेटियां कैसे खुद को बचाएं। उन्होंने कहा कि हम लाठी-तलवार नहीं, बल्कि ‘शरीर को हथियार’ बनाकर नाक, आंख और जबड़े जैसे कमजोर हिस्सों पर प्रहार करने की ट्रेनिंग दे रहे हैं। 13 राज्यों में यह अभियान जारी है और अप्रैल 2027 में नागपुर में ट्रेनर्स ट्रेनिंग शुरू होगी। इसके साथ ही उन्होंने पर्स में रखे जाने वाले एक छोटे ‘झटका शस्त्र’ का जिक्र किया, जिसका बटन दबाते ही निकलने वाले वायर से हमलावर को करंट का झटका लगेगा।
महाराष्ट्र में किसान आत्महत्या व सूखा को बताया चिंताजनक
विदर्भ-मराठवाड़ा के सूखे और महाराष्ट्र में 154 किसानों की आत्महत्या पर चिंता जताते हुए डॉ प्रवीण को तोगड़िया ने खुद को 2 एकड़ का किसान और खेत में कटी उंगली का हवाला देकर किसानों का दर्द साझा किया। उन्होंने सरकार से पशुओं के लिए चारा व पेयजल संकट वाले गांवों के किसानों को नकद सहायता राशि देने की मांग की और विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व एकनाथ शिंदे इस पर संज्ञान लेंगे , साथ ही उनके संगठन की ओर से जो भी बनेगा वह भी आर्थिक मदद करेंगे।
अर्ध कुंभ सेवा और हिंदू हेल्पलाइन
डॉ. तोगड़िया ने बताया कि 14 जनवरी से हरिद्वार और 2 अगस्त से नासिक में होने वाले अर्ध कुंभ में श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क आवास व भोजन की व्यवस्था रहेगी, जिसके रजिस्ट्रेशन क्रमशः 1 दिसंबर 2026 और 1 जून 2027 से शुरू होंगे। इसके अलावा देशभर में एक लाख नए हनुमान चालीसा केंद्र खोलने, हेल्पलाइन नंबर (020-66803300) से तत्काल हर हिन्दू को मदद देने और गोंदिया सहित हर जिले में मुफ्त बीपी-शुगर जांच कैंप लगाने की घोषणा की।
जातिगत की जगह ‘ आर्थिक गणना ‘ की वकालत
जातिगत जनगणना के सवाल पर उन्होंने ‘आर्थिक स्थिति की गणना’ (पक्का घर, शिक्षा, वाहन) की वकालत की। VHP से अलग होने और अपना एक अलग रास्ता बनाने के सवाल को टालते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान , राम मंदिर निर्माण ही मेरा मुख्य फ्रंट था क्योंकि मंदिर बनाना था ,आज हम 15 फ्रंट पर काम कर रहे हैं और यह पहले और आज के काम में अंतर है। वे ‘सुखी हिंदू घर’ के लिए परिवारों को रात का खाना साथ बैठकर खाने का संदेश दे रहे हैं।
रवि आर्य



