Published On : Wed, Mar 4th, 2020

गोंदियाः शादी की खुशियां मातम में बदली

Advertisement

बाराती बनकर आए मां और उसके २ बच्चों की बोरकन्हार के तालाब में डूबने से मौत

गोंदिया। गोंदिया जिले के आमगांव थाने से ७ किमी दूर ग्राम बोरकन्हार में बाबूलाल शरणागत परिवार के यहां आयोजित विवाह समारोह की तैयारियां जोर-शोर से शुरू थी, बाहर गांव से बारातियों के आने का सिलसिला जारी था, इस बीच एक हृदयविदारक घटना की खबर से शादी के मंडप में मातम पसर गया।

नागपुर के कलमना से आज बुधवार ४ मार्च दोपहर १२ बजे विवाह समारोह में शामिल होने आए एक मां व उसके २ बच्चों की बोरकन्हार के नवातालाब की गहराई में डूबने पर दर्दनाक मृत्यु हो गई।

आमगांव पुलिस ने जानकारी देते बताया, नागपुर के कलमना इलाके की निवासी मुक्ता प्रभुजी पटले (३५) यह अपने १३ वर्षीय बेटे आदित्य व १० वर्षीय बेटी काजल के साथ बोरकन्हार पहुंची थी।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया पूछताछ में जो बातें ग्रामीणों से पता चल रही है उसके मुताबिक महिला के बेटे को शौच लगी जिसपर तीनों बोरकन्हार के नवा तालाब पर गए थे।

इसी बीच शरीर की सफाई के दौरान बच्चा जब तालाब के भीतर पानी में गया तो नीचे की जमीनी सतह असमतल होने की वजह से वह डूबने लगा, बेटे को डूबता देख मां और बहन बचाने के लिए दौड़ी लेकिन १० से १२ फिट के गड्ढे की गहराई में वह दोनों भी जा समाए क्योंकि तीनों को तैराकी नहीं आती थी और आसपास कोई बचाने वाला भी दूसरा मौजुद नहीं था, इसलिए तीनों ने जलसमाधी ले ली।

ग्रामवासियों के मुताबिक भीषण गर्मी के दिनों में इस तालाब का किनारा सूख जाता है और यहां से मुरूम का अवैध उत्खन्न किया जाता है जिसकी वजह से तालाब में कई जगह गड्ढ़े (खोल) बन गए है, जो अब जानलेवा साबित हो रहे है।

घटना की जानकारी आमगांव थाने को दी गई। पीएसआई शिवाजी घोरपड़े तथा एएसआई दिलीप कन्नमवार सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे।

ग्रामीणों और स्थानीय मछुवारों की मदद से तीनों के शव तालाब से बाहर निकाल लिए गए है तथा स्पॉट पंचनामा पश्‍चात शवविच्छेदन हेतु उन्हें आमगांव ग्रामीण अस्पताल भेज दिए गए है।

पुलिस के मुताबिक घटित हादसे की जानकारी मृतका के परिवार को दे दी गई है। बहरहाल इस प्रकरण के संदर्भ में फिर्यादी रविंद्र रहांगडाले (२३ रा. जैतुर त. आमगांव) की शिकायत पर आकस्मिक मौत का मामला धारा १७४ के तहत दर्ज किए जाने की प्रक्रिया जारी है तथा मामले की हर पहलू से जांच पड़ताल में पुलिस जुटी है।

बहरहाल इस घटना को लेकर समूचे बोरकन्हार गांव में शौक की लहर दौड़ गई है जिस घर में शहनाईयां बजनी थी अब वहां मातम पसरा है।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.