
गोंदिया। पुणे की एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की सनसनीखेज सुपारी किलिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस के बढ़ते दबाव और घेराबंदी के चलते वारदात में शामिल दो फरार आरोपियों ने खुद दवनीवाड़ा थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया है। वहीं, इससे पहले गिरफ्तार की गई मास्टरमाइंड पत्नी मोना अग्रवाल समेत चार आरोपियों को कोर्ट ने 24 नवंबर तक पुलिस रिमांड (पीसीआर) पर भेज दिया है। इसके साथ ही, हत्या की सुपारी के 13 लाख रुपये मध्यस्थ तक पहुंचाने वाले नितेश अग्रवाल के साडू भाई से भी पुलिस ने गहन पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के खौफ से शूटर्स ने टेके घुटने
वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहे मुर्री निवासी नलेन उर्फ नायलान शेख (24) और क्रिश राऊत (18) के गोंदिया शहर के मुर्री इलाके में छिपे होने की पुख्ता सूचना शुक्रवार दोपहर पुलिस को मिली थी। पुलिस की टीम ने तुरंत इलाके में दबिश दी, लेकिन भनक लगते ही दोनों आरोपी बाइक से भाग निकले। पुलिस ने जब उनका पीछा किया, तो खुद को चारों तरफ से घिरा देख और पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपियों ने सीधे दवनीवाड़ा थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। दोनों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
मास्टरमाइंड पत्नी , मध्यस्थ और शूटर की कोर्ट में पेशी
इससे पहले पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की मुख्य साजिशकर्ता मोना नितेश अग्रवाल (41), मध्यस्थ कुणाल कुंभलकर (31), कुख्यात अपराधी शाहरुख पठाण (33) और शूटर इमरान शेख (26) को गिरफ्तार किया था। 20 नवंबर शुक्रवार को इन चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चारों को 24 नवंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार, मोबाइल और साजिश की अन्य कड़ियों को खंगालेगी।
एयर होस्टेस मर्डर केस में ‘ साडू कनेक्शन ‘
पुणे की एयर होस्टेस वर्षा तुरकर के सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस जांच की आंच अब मुख्य आरोपी पत्नी मोना अग्रवाल के रिश्तेदारों तक पहुंच गई है। इस मामले में नितेश अग्रवाल के भिलाई (सुपेला) निवासी साडू भाई को पुलिस ने शुक्रवार को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। आरोप है कि मास्टरमाइंड मोना के कहने पर उन्होंने ही सुपारी की 13 लाख रुपये की रकम देवरी में मध्यस्थ कुणाल कुंभलकर तक पहुंचाई थी।
क्या है पूरा एयर होस्टेस कत्ल का मामला ?
14 नवंबर की शाम गोंदिया के दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र के बोंडरानी जंगल में एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। जांच में खुलासा हुआ कि वर्षा और नितेश अग्रवाल के बीच प्रेम संबंध थे, जिससे नाराज होकर नितेश की पत्नी मोना ने यह खौफनाक साजिश रची। मोना ने अपने नाम पर रजिस्टर्ड कार के ‘टोयोटा आई-कनेक्ट’ ऐप की लाइव जीपीएस लोकेशन हत्यारों को दी थी, जिसके जरिए पीछा कर शूटरों ने वारदात को अंजाम दिया।
सुपारी कलिंग केस में अब तक की कार्रवाई
पुलिस ने 200 सीसीटीवी फुटेज की मदद से मास्टरमाइंड पत्नी मोना अग्रवाल, मध्यस्थ कुणाल कुंभलकर, शाहरुख पठाण और शूटर इमरान शेख को गिरफ्तार कर 24 नवंबर तक रिमांड पर लिया है। वहीं, पुलिस के दबाव के चलते दो अन्य फरार आरोपियों नलेन शेख और क्रिश राऊत ने भी दवनीवाड़ा थाने में सरेंडर कर दिया है, जिन्हें आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
अब पुलिस 13 लाख रुपये के लेन-देन की कड़ी जोड़ने के लिए भिलाई निवासी साडू भाई से गहन पूछताछ में जुटी है।
रवि आर्य





