
गोंदिया । जिले के तिरोड़ा में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले एक BSF जवान ने मामूली सड़क विवाद में सरेआम गोलियां चला दीं। स्टेट हाईवे पर कार का कट लगने जैसी छोटी सी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि जवान ने अपनी सर्विस रिवाल्वर निकालकर जमीन पर फायर कर दिया। इस घटना में उछली गिट्टी (पत्थर) लगने से तिरोड़ा के पूर्व भाजपा शहर अध्यक्ष घायल हो गए हैं। पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर उसकी रिवाल्वर और जिंदा कारतूस जब्त कर लिए हैं।
विवाद से वारदात तक: क्या है पूरा मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी BSF जवान की पहचान भूषण दिसले के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नासिक जिले के सटाणा गांव का निवासी है और वर्तमान में पंजाब की एक बटालियन में तैनात है। भूषण छुट्टियों पर गोंदिया में अपने एक रिश्तेदार से मिलने आया था।रात के समय स्टेट हाईवे से गुजरते वक्त भूषण की कार और तिरोड़ा निवासी स्वानंद पारधी (50, निवासी शाहिद मिश्रा वार्ड तिरोड़ा ) की गाड़ी के बीच मामूली साइड लगने को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना गरमा गया कि जवान भूषण ने आपा खो दिया और दहशत फैलाने के इरादे से अपनी सर्विस रिवाल्वर निकाल ली।
दहशत का मंजर: बीच सड़क चली गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जवान ने पहले पिस्टल तान दी फिर डराने के लिए जमीन की ओर निशाना साधकर गोली चलाई। गोली जैसे ही सड़क पर लगी, वहां पड़ी गिट्टी जोर से उछलकर स्वानंद पारधी की कोहनी में जा लगी ,लहूलुहान हालत में उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया ,राहत की बात यह है कि उनकी स्थिति अब स्थिर है।
पुलिस की ‘क्विक’ एक्शन: 8 राउंड और रिवाल्वर जब्त
घटना की सूचना मिलते ही तिरोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जवान भूषण दिसले को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए: आरोपी के पास से लायसेंसी सर्विस रिवाल्वर जब्त की और 8 जिंदा कारतूस (राउंड) बरामद किए गए।
जवान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस मामले को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे का कहना है- कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है ? घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। बहरहाल यह मामला अब पुलिस विभाग और सुरक्षा बल के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है कि छुट्टी पर आए जवान ने सर्विस वेपन का इस्तेमाल नागरिक विवाद में कैसे किया। फिलहाल तिरोड़ा पुलिस मामले की हर कड़ी जोड़ रही है।
रवि आर्य








