गोंदिया। गोंदिया जिले की सड़क अर्जुनी तहसील अंतर्गत ग्राम पलसगांव (डव्वा) में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां घर में अकेली रह रही 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला कुसुम चैतराम कापगते की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर की अलमारी तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात समेटकर फरार हो गए।
पड़ोसियों ने सुबह दरवाजा खुला और खून से लथपथ लाश देखी
घटना का खुलासा बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे हुआ, जब पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा। अंदर जाने पर बुजुर्ग महिला का खून से लथपथ शव पड़ा था और पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे तथा उप-विभागीय पुलिस अधिकारी ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घटना की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के लिए स्थानीय अपराध शाखा (LCB), फॉरेंसिक टीम और श्वान दस्ते (Dog Squad) को तैनात किया गया है।
लूट के साथ संपत्ति विवाद ऐंगल से भी जांच शुरू ?
पुलिस के अनुसार, मृतका के तीन बच्चे हैं-एक बेटा औरंगाबाद में इंजीनियर है, जबकि दो विवाहित बेटियां नवेगांव बांध और साकोली में रहती हैं। घर में महिला को अकेला पाकर इस सुनियोजित वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डुग्गीपार थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक जावेद खान मामले की विस्तृत तफ्तीश कर रहे हैं।
जांच अधिकारी लूट के साथ-साथ संपत्ति विवाद के ऐंगल से भी साक्ष्य जुटा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के खिलाफ सुराग हाथ लगे हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रवि आर्य




