
हाईकोर्ट के आदेश की आड़ में ‘रिपोर्ट’ के नाम पर सौदेबाज़ी, आरोपी सलाखों के पीछे गोंदिया। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ACB टीम ने देवरी तहसील कार्यालय में पदस्थ सहायक राजस्व अधिकारी को 1500 रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ धर दबोचा है। आरोपी ने हाईकोर्ट के आदेशानुसार बनने वाली जांच रिपोर्ट को “अनुकूल” बनाने के बदले 2000 रिश्वत की डिमांड की थी।
सरकारी कुर्सी पर बैठकर भ्रष्टाचार , हुवा प्रहार
देवरी स्थित सर्वे नंबर 309/1/ब की सोसायटी के ओपन स्पेस पर कथित अवैध निर्माण को लेकर नागरिकों ने सार्वजनिक संस्था के खिलाफ नगर पंचायत देवरी और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की थी। कार्रवाई न होने पर मामला बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ तक पहुंचा, जहां से नगर पंचायत देवरी को विधिसम्मत कार्रवाई के आदेश दिए गए। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में उपविभागीय अधिकारी देवरी ने तहसीलदार को विस्तृत जांच व रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
दफ्तर में रेट फिक्स , जनहित में रिपोर्ट बिकाऊ
इसी रिपोर्ट को शिकायतकर्ता के “पक्ष में” बनाने के नाम पर तहसील कार्यालय में पदस्थ सहायक राजस्व अधिकारी (प्रस्तुतकार 01 ) संदेश नैनदास बोरकर (39) ने पहले 2000 मांगे और बाद में 1500 रुपए में सौदा तय हुआ।
लेकिन शिकायतकर्ता रिश्वत का चढ़ावा देने का इच्छुक नहीं था लिहाज़ा उसने ACB कार्यालय का रुख किया।
शिकायत मिलने पर 13 फरवरी 2026 को ACB की टीम ने पंच- गवाहों के साथ देवरी तहसील कार्यालय पहुंचकर मांग की पुष्टि की।
रिश्वत के डिमांड की पुष्टि होते ही उसी दिन जाल बिछाकर आरोपी को 1500 रुपये स्वीकार करते हुए पकड़ लिया गया।
जब्ती और सबूत: 1500 रिश्वत राशि और मोबाइल बरामद
इस दौरान ACB टीम द्वारा आरोपी की जेब तलाशी ली गई उसके पास से स्वीकारी गई 1500 रुपए रकम के अतिरिक्त शर्ट की जेब से 1000 नगद प्राप्त हुए जो वापस किए गए। आरोपी के पास मौजूद Poco मोबाइल फोन (कीमत लगभग 5000) और 1500 रिश्वत की रकम सहित व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट तथा प्रकरण से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए है।
आरोपी के घर की तलाशी की प्रक्रिया जारी है।
रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं, थाने में मामला दर्ज
बहरहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार प्रतिबंध अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया देवरी थाने में जारी है , आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उक्त धर पकड़ कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिगंबर प्रधान , अपर पुलिस अधीक्षक माधुरी बाविस्कर , अपर पुलिस अधीक्षक विजय माहुलकर के मार्गदर्शन में गोंदिया ACB टीम के पुलिस निरीक्षक उमाकांत उगले, जांच अधिकारी पुलिस निरीक्षक अरविंद राऊत, सहायक उप निरीक्षक चंद्रकांत करपे , हवलदार- संजय बोहरे , मंगेश कहालकर , प्रशांत सोनवणे , सोमेश इंदुरकर , महिला पुलिस सिपाही संगीता पटले , रोहिणी डांगे की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
रवि आर्य








