Published On : Fri, Nov 20th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने चोरी, पूर्व किराएदार गिरफ्तार

नागपुर के कलमना में दो आरोपियों ने साथियों के साथ मिलकर की वारदात; महज 5 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला, ₹2.50 लाख का माल बरामद, तीसरा आरोपी फरार
Advertisement

Auto Draft

नागपुर: गर्लफ्रेंड के महंगे शौक पूरे करने के लिए पैसों की जरूरत ने एक युवक को चोरी के रास्ते पर धकेल दिया। नागपुर के कलमना इलाके में एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि मुख्य आरोपी गौरव पालीवाल पहले इसी घर में किराएदार रह चुका था। उसे अच्छी तरह पता था कि परिवार कब घर से बाहर रहता है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर आरोपियों ने चोरी की साजिश रची। कलमना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद महज पांच घंटे में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया। हालांकि, उनका तीसरा साथी अब भी फरार है।

घर खाली होने की जानकारी का उठाया फायदा

यह मामला कलमना थाना क्षेत्र के ओम नगर में सिताराम किराना दुकान के पास का है। फरियादी निशांत भाटी 13 नवंबर को अपने परिवार के साथ उज्जैन दर्शन के लिए गए थे। इसी दौरान 15 नवंबर की रात आरोपियों ने उनके घर को निशाना बनाया। बताया जाता है कि चोरी के बाद किसी को शक न हो, इसलिए आरोपियों ने घर का ताला भी बदल दिया। इसके बाद घर की अलमारी से सोने का हार, झुमके और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को घर खाली होने की जानकारी इलाके में रहने वाले देवेंद्र ने दी थी। इसके बाद गौरव पालीवाल ने देवेंद्र उर्फ दादू और तीसरे साथी वेदप्रकाश उर्फ छोटू के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।

Advertisement

CCTV फुटेज से मिला सुराग, दो आरोपी गिरफ्तार

17 नवंबर को जब निशांत भाटी परिवार के साथ घर लौटे तो बदला हुआ ताला देखकर उन्हें संदेह हुआ। घर की जांच करने पर चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने कलमना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने गोपनीय जानकारी और तकनीकी जांच के आधार पर गौरव सचिन पालीवाल और देवेंद्र उर्फ दादू किशोरीलाल शाहू को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने तीसरे साथी वेदप्रकाश उर्फ छोटू के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया करीब 2.50 लाख रुपये का पूरा माल बरामद कर लिया है।

दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी चोरी और जबरन चोरी के मामले दर्ज हैं। फिलहाल फरार आरोपी वेदप्रकाश उर्फ छोटू की तलाश की जा रही है। कलमना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी का मामला महज पांच घंटे में सुलझ गया।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.