
नागपुर / हिंगणा: नागपुर के हिंगणा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक बच्चे द्वारा मोबाइल में गेम डाउनलोड करने के दौरान एक संदिग्ध लिंक पर क्लिक किए जाने के बाद उसके पिता के बैंक खाते से ₹51,900 निकाल लिए गए। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वाघधरा निवासी 44 वर्षीय अजय नारायण सहारे के मोबाइल नंबर पर “सिक्योरिटी अपग्रेड” के नाम से एक लिंक भेजी गई थी। बताया जाता है कि उनके छोटे बच्चों ने मोबाइल पर गेम डाउनलोड करते समय अनजाने में उस लिंक पर क्लिक कर दिया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि लिंक पर क्लिक करते ही साइबर अपराधियों ने मोबाइल डिवाइस तक पहुंच बना ली और बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल कर ली। अजय सहारे का आईसीआईसीआई बैंक खाता उसी मोबाइल नंबर से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि ठगों ने खाते से ₹51,900 की रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर ली।
जब बैंक खाते से रकम कटने के संदेश मोबाइल पर आने लगे, तब पीड़ित को ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने हिंगणा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल डेटा और ट्रांजैक्शन की तकनीकी जांच कर रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अनजान लिंक, फर्जी अपडेट और गेम डाउनलोड के नाम पर भेजे जाने वाले संदेश साइबर ठगों का नया हथकंडा बनते जा रहे हैं। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों को मोबाइल देते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।







