आग बुझाने के लिए 6 से 7 दमकल वाहन मौके पर तैनात; आसपास की फैक्ट्रियों तक आग फैलने का खतरा
नागपुर, 1 नवंबर। नागपुर के लकड़गंज लघु उद्योग परिसर में रविवार को प्लास्टिक बारदाना के एक गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का कच्चा माल जमा होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। घटनास्थल से उठते काले धुएं के घने गुबार दूर तक दिखाई दे रहे हैं।
आग की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग की 6 से 7 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।

गोदाम के भीतर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। गोदाम में रखे तैयार माल और निर्मित सामग्री को बाहर निकालने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
फिलहाल आग पर नियंत्रण पाने के लिए दमकल विभाग का अभियान जारी है। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद ही हो सकेगा।



