नागपुर: धंतोली थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे द्वारा अपने 55 वर्षीय पिता से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बेटे ने पिता को लात-घूंसों से पीटा और सड़क पर पड़ा पत्थर उठाकर उनके सिर पर वार कर दिया। घायल पिता को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। धंतोली पुलिस ने 20 वर्षीय आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना धंतोली थाना क्षेत्र में नैवेद्यम होटल के सामने हुई। 55 वर्षीय परसराम इरपाते सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते हैं। घटना के समय परसराम अपनी पत्नी के साथ चाय पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर पत्नी ने अपने 20 वर्षीय बेटे भावेश इरपाते को फोन कर मौके पर बुलाया। भावेश के पहुंचने के बाद उसका भी पिता के साथ विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते भावेश ने पिता के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान भावेश ने सड़क पर पड़ा पत्थर उठाकर पिता के सिर पर वार कर दिया। हमले में परसराम घायल हो गए। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धंतोली पुलिस ने आरोपी भावेश इरपाते के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।




