Published On : Tue, Aug 21st, 2018

अतिक्रमण निर्मूलन कार्रवाई : राखी के पंडालों पर गिरी गाज

Advertisement

नागपुर: मनपा आयुक्त के निर्देशों के अनुसार प्रवर्तन विभाग की ओर से शुरू किए गए ‘अतिक्रमणमुक्त फुटपाथ अभियान’ में भले ही गत सप्ताह कार्रवाई कारगर ढंग से नहीं हुई हो, लेकिन सोमवार को दस्ते ने पुन: कार्रवाई शुरू कर आसीनगर जोन अंतर्गत फुटपाथों पर राखी के लिए बनाए गए लगभग 10 पंडालों को उखाड़ फेंका.

उल्लेखनीय है कि मनपा आयुक्त की ओर से आसीनगर जोन अंतर्गत क्षेत्र का आकस्मिक दौरा किया गया था, जिसमें फुटपाथों पर भारी मात्रा में अतिक्रमण होने का खुलासा हुआ. दौरे के समय आयुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार सोमवार को कार्रवाई को अंजाम दिया गया. इंदोरा चौक से कार्रवाई की शुरुआत करते हुए दस्ते ने पांचपावली पुलिस थाना तक के दोनों ओर फुटपाथों पर राखी के लिए बनाए पंडालों को निकाल दिया. कार्रवाई में प्रवर्तन विभाग प्रमुख अशोक पाटिल, प्रवर्तन निरीक्षक संजय कांबले, सहायक आयुक्त गणेश राठोड के मार्गदर्शन में नितिन मंथनवार, जमशेद अली, अजय पझारे आदि ने हिस्सा लिया.

पुल के नीचे अतिक्रमण का जाल
उल्लेखनीय है कि कमाल चौक से शुरू होने वाले पांचपावली पुल के नीचे कई तरह के दूकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर टपरियां शुरू की गई थीं. दस्ते ने कमाल चौक तक के फुटपाथों को खाली करने के बाद पांचपावली थाना की ओर रुख किया. दस्ते को देखते ही कई दूकानदारों ने सामान समेटना शुरू कर दिया था. लेकिन लंबे समय से किसी तरह की कार्रवाई नहीं होने के कारण अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हो गए थे, जिससे कई दूकानदारों ने अस्थायी रूप से दूकानें सजा ली थीं.

दस्ते ने यहां से चाय टपरी और नाश्ते के लिए बनाए 4 ठेले जब्त कर लिए. इसी तरह अस्थायी रूप से बनाए गए सलून को नेस्तनाबूद कर दिया. विशेषत: थाना के सामने ही अतिक्रमणकारी ने लकड़ी का अस्थायी शेड तैयार कर दूकान शुरू की थी. इसी के साथ दस्ते ने समाज भवन के सामने के ठेले और शेड तोड़ दिए.

Advertisement

केवल एक जोन में कार्रवाई
शहर भर में फैले अतिक्रमण के जाल को हटाने के लिए मनपा आयुक्त ने कड़ी कार्रवाई करने की घोषणा की थी, जिसके अनुसार प्रतिदिन प्रवर्तन विभाग के तीनों दस्तों को अलग-अलग जोन में लगाया जाना था. बताया जाता है कि सोमवार को हुई कार्रवाई में प्रवर्तन विभाग के 2 दस्तों को आसीनगर जोन में लगाया गया. लेकिन अन्य जोनल कार्यालयों के अंतर्गत निर्देशों के अनुसार कार्रवाई नहीं हो सकी. यहां तक कि बारिश के कारण आसीनगर जोन में भी निर्धारित कार्रवाई को अंजाम नहीं दिया जा सका.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.