नागपुर: नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करने वाले एक आरोपी को पांचपावली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
चोरी की बाइक पर घूमते पकड़ा गया
पांचपावली पुलिस की टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मोतीबाग फुटबॉल ग्राउंड के पास पुलिस को अमरदीप डोंगरे नामक युवक चोरी के वाहन पर घूमता मिला। वाहन के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने इसे रानी दुर्गावती चौक से चोरी करने की बात कबूल की।
पुलिस के अनुसार, पंचशील नगर निवासी प्रशांत लेंदे का दोपहिया वाहन 21 अगस्त की रात घर के पास से चोरी हुआ था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
तीन चोरी के वाहन बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से लाखनी, भंडारा का रहने वाला है और उसे शराब पीने की लत है। कथित तौर पर शराब की लत पूरी करने के लिए वह वाहन चोरी करता था।
आरोपी की निशानदेही पर पांचपावली थाना क्षेत्र से चोरी किए गए दो अन्य दोपहिया वाहन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने और कितने वाहन चोरी किए हैं।




