नागपुर : धंतोली इलाके स्थित न्यूरॉन अस्पताल में कार्यरत एक डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में एनेस्थीसिया का इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय डॉ. ईश्वर चांदेवार के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह न्यूरॉन अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया जब अस्पताल के एक डॉक्टर अपने कक्ष में मृत अवस्था में पाए गए। बताया जा रहा है कि डॉ. चांदेवार तड़के करीब चार बजे अस्पताल पहुंचे थे और सीधे अपने कमरे में चले गए थे। इसके बाद वे बाहर नहीं निकले।
सुबह करीब नौ बजे अस्पताल का स्टाफ पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा खोले जाने पर डॉ. चांदेवार अचेत अवस्था में मिले। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डॉक्टर ने स्वयं को एनेस्थीसिया का इंजेक्शन लगाया था। अधिकारियों के अनुसार, वे पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। जांच के दौरान पारिवारिक कारणों और घरेलू विवादों की बातें भी सामने आई हैं। यह भी बताया जा रहा है कि वे पिछले पांच दिनों से अपने घर नहीं गए थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
इस घटना ने एक बार फिर चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत डॉक्टरों के मानसिक स्वास्थ्य, अत्यधिक कार्यभार और बढ़ते पेशेगत तनाव को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं। फिलहाल धंतोली पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Nagpur Crime: मानकापुर में ₹6.64 लाख की चोरी का खुलासा! #NagpurNews #MankapurNews...
Nagpur: 11 साल की बच्ची से Instagram पर अश्लील चैट का आरोप...
नागपुर के अंबाझरी तालाब में कूदी 16 साल की किशोरी #NagpurNews #AmbazhariLake...
नागपुर में किराना दुकान लूट का खुलासा! चाकू की नोक पर लूट...
अमरावती में नवजात मौतों पर विजय वडेट्टीवार का सरकार पर हमला! #MaharashtraNews...
जालना में भांजी को अपशब्द कहने पर युवक की हत्या! #Crime #MaharashtraNews...





