नागपुर : नागपुर के खापरखेड़ा थाना क्षेत्र के दहेगांव रंगारी में गुरुवार रात सर्राफ व्यवसायी को गोली मारकर करीब 12 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तीन नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी को रास्ते में रोककर पहले लूट का प्रयास किया और विरोध करने पर उसके पैर में गोली मार दी। इसके बाद सिर पर धारदार हथियार से हमला कर बदमाश सोना, चांदी और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, वलनी बस्ती निवासी मंगेश केशव मारोतकर की दहेगांव रंगारी स्थित सिद्धिकी कॉम्प्लेक्स में महालक्ष्मी ज्वेलर्स नाम से सोने-चांदी की दुकान है। गुरुवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पिपला-वलनी मार्ग स्थित धनगवळी बाबा मंदिर के पास ट्रिपल सीट बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कुछ दूरी से व्यापारी का पीछा कर रहे थे। उन्होंने मंगेश मारोतकर के पास मौजूद बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक आरोपी ने उनके पैर में गोली मार दी, जबकि दूसरे ने धारदार हथियार से सिर पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी बैग लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि लूटे गए बैग में करीब 10 लाख रुपये की चांदी, डेढ़ लाख रुपये का सोना और 35 हजार रुपये नकद थे। कुल लूट की रकम लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है।
घायल व्यवसायी को स्थानीय लोगों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही खापरखेड़ा पुलिस और क्राइम ब्रांच यूनिट-6 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खाली कारतूस बरामद किया है। देर रात पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर तीनों फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।





