Published On : Tue, Oct 6th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

दाल मिल में लगी आग, दो करोड़ की मशीनरी बाल-बाल बची

दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा; करीब 10 हजार रुपए का सामान जलकर खाक
Advertisement

दाल मिल में लगी आग, दो करोड़ की मशीनरी बाल-बाल बची

नागपुर – कलमना थाना क्षेत्र के मौजा-चिखली परिसर स्थित नंदा दाल मिल में रविवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने महज दो मिनट में घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को समय रहते काबू में कर लिया गया और मिल में लगी करीब 2 करोड़ रुपए की मशीनरी एवं अन्य संपत्ति आग की चपेट में आने से बच गई। हालांकि, आग में करीब 10 हजार रुपए का सामान जलकर नष्ट होने की जानकारी है।

दमकल विभाग के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11.47 बजे महेश गावंडे ने कलमना अग्निशमन केंद्र को फोन कर प्लॉट नंबर 66, मौजा-चिखली स्थित नंदा दाल मिल में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल के दो वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।

दो मिनट में पहुंची दमकल टीम
स्टेशन अधिकारी ए.के. शेख के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग मिल के अंदर लगी होने के कारण प्रारंभिक तौर पर आग फैलने की आशंका थी। हालांकि, दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने का संदेह
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने का संदेह व्यक्त किया गया है। आग की चपेट में आने से मिल का कुछ सामान जल गया। दमकल कर्मियों ने अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग को पूरी तरह बुझा दिया।

Advertisement

करोड़ों की मशीनरी सुरक्षित
आग समय रहते नियंत्रित होने से दाल मिल में लगी करीब 2 करोड़ रुपए की मशीनरी और अन्य महत्वपूर्ण संपत्ति सुरक्षित बच गई। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता था।

आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद दमकल विभाग की टीम दोपहर करीब 12.57 बजे घटनास्थल से अग्निशमन केंद्र के लिए रवाना हुई। नंदा दाल मिल की मालकिन पुष्पा गावंडे बताई गई हैं। घटना की जानकारी कलमना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.