नागपुर: शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र के महाल स्थित झंडा चौक परिसर का है, जहां एक डेली नीड्स दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर नकदी लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, महाल के झंडा चौक स्थित उषा काल बेकरी नामक डेली नीड्स दुकान के संचालक प्रकाश खंडागले दुकान के ऊपर ही रहते हैं। 27 जुलाई की रात एक अज्ञात चोर दोपहिया वाहन से दुकान के बाहर पहुंचा। पहले उसने पास की एक अन्य दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर उसने उषा काल बेकरी को निशाना बनाया।
आरोपी ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और काउंटर के ड्रॉअर में रखी पूरी नकदी लेकर फरार हो गया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें आरोपी चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।





