नागपुर: शहर के सरकारी डागा अस्पताल के नवजात शिशु दक्षता कक्ष (SNCU/NICU) में मंगलवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जिसके बाद वार्ड में तेजी से धुआं भर गया और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटना रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। उस समय SNCU वार्ड में कई नवजात बच्चों का इलाज चल रहा था। धुआं फैलते ही अस्पताल स्टाफ ने तत्काल अलर्ट जारी किया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और प्रशासन की टीम ने तत्परता दिखाते हुए करीब 15 से 20 नवजात बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थिति को देखते हुए कुछ बच्चों को डागा अस्पताल के अन्य वार्डों में शिफ्ट किया गया, जबकि कई नवजातों को एहतियातन मेयो अस्पताल भेजा गया।
नागपुर टुडे को मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी भी बच्चे के हताहत होने की खबर नहीं है। समय रहते सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है।
इस घटना के बाद सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्थाओं और फायर सेफ्टी सिस्टम को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। मरीजों के परिजनों ने अस्पताल में नियमित सुरक्षा जांच और बेहतर आपातकालीन इंतजाम की मांग की है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।









