
नागपुर: सीताबर्डी पुलिस थाना क्षेत्र में सतपुड़ा लॉन के पास देर रात एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गोंडटोली, तेलंगखेड़ी-अंबाझरी निवासी आकाश नेवारे के रूप में हुई है। वारदात रात करीब 12.30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आकाश के शरीर पर चाकू के करीब 23 घाव मिले हैं।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, आकाश अपने कुछ साथियों के साथ धरमपेठ स्थित किंग किचन बार में शराब पीने गया था। वहां से शराब की बोतल पार्सल लेकर निकलने के बाद साथियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि आकाश और आरोपियों के बीच पहले से वर्चस्व को लेकर रंजिश चल रही थी।
इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने आकाश को सतपुड़ा लॉन के पास एक गली में दोबारा शराब पीने के लिए बुलाया। वहां विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
पुलिस जांच में विशाल चचाने, पीयूष बघेल, रंजीत माहतो, अंकुश मरसकोल्हे, सचिन सेलारे और एक नाबालिग के नाम सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात के बाद मुंबई भागने की तैयारी में थे। इससे पहले ही सीताबर्डी पुलिस, क्राइम ब्रांच यूनिट-2 और अंबाझरी पुलिस की टीमों ने अलग-अलग कार्रवाई कर सभी को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि विशाल, पीयूष और सचिन करीब 10 दिन पहले ही हत्या के एक मामले में जेल से बाहर आए थे। वहीं, मृतक आकाश के खिलाफ भी हत्या और जबरी चोरी जैसे गंभीर मामले दर्ज होने की जानकारी है। कुछ आरोपियों के खिलाफ भी हत्या और लूट सहित गंभीर अपराध दर्ज बताए जा रहे हैं।
प्राथमिक जांच में रंगदारी मांगने को लेकर विवाद की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस विस्तृत जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के बाद गैंगवार की आशंका को देखते हुए इलाके में पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दिया गया है।




