Published On : Wed, Jun 17th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

हुडकेश्वर में घर के अंदर मिला कॉमन क्रेट, परिवार में मची दहशत

Advertisement

नागपुर: नागपुर के हुडकेश्वर इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। स्वागत नगर स्थित एक घर के किचन में भारत के सबसे विषैले सांपों में से एक मण्यार (कॉमन क्रेट) सांप निकल आने से परिवार समेत पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि परिवार की सतर्कता और सर्पमित्र शुभम पराळे की तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। हुडकेश्वर के स्वागत नगर में धर्मेंद्र किराना दुकान के सामने रहने वाले राजेश गुप्ता अपने परिवार के साथ घर में टीवी देख रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी किचन में काम करने गईं। वहां सब्जियों की टोकरी के पास उन्हें काले रंग की रस्सी जैसी कोई वस्तु दिखाई दी।

जब उन्होंने उसे उठाने का प्रयास किया तो उसमें अचानक हलचल होने लगी। यह देखकर वे घबरा गईं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर राजेश गुप्ता और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजेश गुप्ता ने तत्काल सर्पमित्र शुभम पराळे से संपर्क किया। सूचना मिलते ही शुभम पराळे महज पांच मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गए और सांप की तलाश शुरू कर दी।

Advertisement

तलाशी के दौरान सांप सब्जियों की टोकरी के नीचे छिपा हुआ मिला। करीब से निरीक्षण करने पर पता चला कि यह अत्यंत विषैला मण्यार (कॉमन क्रेट) प्रजाति का सांप है। इसके बाद सर्पमित्र ने सभी लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया और पूरी सावधानी के साथ सांप को पकड़कर सुरक्षित कंटेनर में बंद कर लिया।

रेस्क्यू के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया। सर्पमित्र शुभम पराळे ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि घर में किसी भी प्रकार का सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। ऐसे मामलों में तुरंत प्रशिक्षित सर्पमित्र या वन विभाग को सूचना दें।

उन्होंने बताया कि मण्यार भारत के सबसे विषैले सांपों में से एक है। इसका जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है, जो सीधे तंत्रिका तंत्र और श्वसन प्रणाली को प्रभावित करता है। समय पर उपचार न मिलने पर यह जानलेवा साबित हो सकता है।

समय पर दी गई सूचना और सर्पमित्र की सतर्कता के कारण एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। बरसात के मौसम में सांपों की आवाजाही बढ़ जाती है, ऐसे में नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.