
वर्धा : महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने वर्धा जिले के देवली तहसील अंतर्गत रत्नापुर क्षेत्र का दौरा कर सूखा प्रभावित इलाकों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान वर्धा जिले के पालकमंत्री पंकज भोयर और विधायक राजेश बकाने भी मौजूद रहे।
दौरे के दौरान खेतों की मेड़ पर पहुंचकर बारिश की कमी से उत्पन्न स्थिति, फसलों की मौजूदा हालत और किसानों को हो रही परेशानियों की जानकारी ली गई। बावनकुळे ने किसानों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और अपेक्षाएं जानीं।
इस दौरान किसानों ने बारिश की कमी के कारण फसलों पर पड़ रहे असर और मौजूदा परिस्थितियों से संबंधित अपनी समस्याएं अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं।
राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने किसानों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन परिस्थिति में राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। किसानों को आवश्यक मदद और राहत उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सूखा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेकर किसानों की समस्याओं को समझना और आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।
वर्धा से सतीश काले की रिपोर्ट।




