
नागपुर: चेन स्नेचिंग के प्रयास के मामले में क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ चोरी, जबरी चोरी और मारपीट समेत 15 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
आरोपी ने लकड़गंज के निकलस मंदिर रोड परिसर में एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीनने का कथित प्रयास किया था। हालांकि, महिला ने समय रहते उसका हाथ झटक दिया, जिससे आरोपी चेन छीनने में नाकाम रहा।
बुजुर्ग महिला से चेन छीनने का प्रयास
घटना शनिवार सुबह की है। लकड़गंज निवासी 69 वर्षीय सुशीला पौनिकर हार-फूल खरीदने के लिए दुकान की ओर जा रही थीं। इसी दौरान निकलस मंदिर रोड स्थित अपेक्स मेडिकल स्टोर के सामने एक युवक दुपहिया वाहन से पहुंचा और उनके गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया।
सुशीला पौनिकर ने तुरंत आरोपी का हाथ झटक दिया। इसके बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने लकड़गंज पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
CCTV से हुई आरोपी की पहचान
मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच यूनिट-3 की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। CCTV फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान 32 वर्षीय पवन पंजवानी, निवासी महाल, नागपुर के रूप में की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पवन पंजवानी के खिलाफ चोरी, जबरी चोरी और मारपीट सहित 15 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लकड़गंज पुलिस के हवाले कर दिया गया है।




