
पुलिस के अनुसार घटना 5 जुलाई की शाम करीब 5 बजे की है। सुहास हजारे अपने परिवार के साथ अल्टो कार से बुटीबोरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान फुकेश्वर शिवार में मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार रोक ली। आरोपियों ने चाकू दिखाकर परिवार को धमकाया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए लूटपाट की।
बदमाश करीब चार तोला सोने के आभूषण, जिनमें सोने की चेन, अंगूठी और अन्य जेवर शामिल हैं, के साथ नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि परिवार संभल भी नहीं सका।
मोबाइल कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात
घटना के दौरान कार में मौजूद परिवार के एक रिश्तेदार बच्चे ने साहस दिखाते हुए पूरी वारदात अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो में बदमाशों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। यह फुटेज अब जांच का अहम हिस्सा बन चुका है और पुलिस को आरोपियों की पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है।
पुलिस की जांच जारी, आरोपी अब भी फरार
सूचना मिलते ही बुटीबोरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज, सीसीटीवी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि घटना के कई दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
दिनदहाड़े मुख्य मार्ग पर हुई इस वारदात के बाद फुकेश्वर और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर चल रहे परिवार भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
पुलिस की जांच जारी, आरोपी अब भी फरार


