Published On : Tue, Aug 4th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय पर चाकू से जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

नागपुर: शहर के गणेशपेठ थाना क्षेत्र में ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट के एक डिलीवरी बॉय पर उसके ही दो साथियों ने कथित तौर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंपनी में बेहतर प्रदर्शन और अच्छी छवि को लेकर चल रही प्रतिस्पर्धा इस हमले की वजह बनी। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, घायल की पहचान 34 वर्षीय आमीन मुस्तफा पठान के रूप में हुई है, जो ऊंटखाना क्षेत्र का निवासी है और ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय के तौर पर कार्यरत है। आरोपी 20 वर्षीय केतन उरकुडे और 20 वर्षीय श्रवण बारई भी उसी कंपनी में डिलीवरी का काम करते हैं।

जांच में सामने आया कि आमीन समय पर ऑर्डर डिलीवर करने के कारण कंपनी में अच्छी छवि रखता था। आरोप है कि इसी बात से नाराज दोनों आरोपी अक्सर उससे विवाद करते थे। रविवार सुबह भी दोनों ने कथित रूप से आमीन से झगड़ा किया और उसे जान से मारने की धमकी दी थी।

रात में जब आमीन मॉडल मिल चौक से डिलीवरी पूरी कर कंपनी लौट रहा था, तभी दोनों आरोपियों ने एसटी महामंडल क्वार्टर के पास उसकी बाइक रोक ली और उस पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में आमीन गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल सरकारी मेडिकल अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।

Advertisement

सूचना मिलते ही गणेशपेठ पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हमले के पीछे प्रतिस्पर्धा के अलावा अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.