
नागपुर: बेलतरोड़ी इलाके में डिलीवरी बॉय बनकर वृद्धा के घर में घुसकर लूट की कोशिश के आरोपी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि युवक ने चाकू दिखाकर 61 वर्षीय महिला से चेन छीनने की कोशिश की थी। महिला के बेटे और पड़ोसियों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया। थाने में मेडिकल जांच के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत को लेकर मारपीट की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मामला बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र की पृथ्वीराज सोसायटी का है। मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे नरसाला निवासी 28 वर्षीय सुमेध राजेंद्र गजभिये अपने साथी दीपक पाटील के साथ बाइक से सोसायटी में पहुंचा था। दोनों ने कथित तौर पर फूड डिलीवरी जैसी टी-शर्ट पहन रखी थी।
आरोप है कि दोनों ने 61 वर्षीय उषा देवीदास धार्मिक के घर पहुंचकर पार्सल देने के बहाने दरवाजा खुलवाया। दरवाजा खुलते ही सुमेध घर के अंदर घुस गया और चाकू दिखाकर महिला को धमकाते हुए उनकी चेन छीनने की कोशिश की।
महिला के शोर मचाने पर उनका बेटा मौके पर पहुंचा और सुमेध को पकड़ लिया। शोर सुनकर पड़ोसी भी वहां जमा हो गए और दोनों युवकों को घेर लिया।
सूचना मिलने पर बेलतरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और सुमेध को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में सुमेध ने कथित तौर पर वारदात में शामिल होने और लूट का माल अपने साथी को देने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए ले गई। इसी दौरान सुमेध की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत के बाद उसके साथ मारपीट किए जाने की चर्चा सामने आई है, लेकिन पुलिस ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होने की संभावना है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




