Published On : Mon, Nov 5th, 2018

दिवाली के मौके पर बाबा रामदेव की कंपनी ने शुरू किया कपड़ों का व्यापार

Advertisement

देश की राजधानी में पहले शोरूम का किया उद्घाटन,नागपुर में की थी घोषणा

नई दिल्ली: योग गुरू बाबा रामदेव ने धनतेरस के खास मौके पर नई दिल्ली के नेताजी सुभाष प्लेस में ‘पतंजलि परिधान’ शोरूम का उद्घाटन किया। बाबा रामदेव ने नागपुर में पतंजलि की जींस लॉन्च किये जाने की घोषणा की थी। बाबा की कंपनी ने सिर्फ जींस ही नहीं बल्कि कपड़े के कारोबार को शुरू किया। अपने इस नए वेंचर को शुरू करने के लिए उन्होंने दीपावली उत्सव के समय को चुना है। देश में सबसे ज़्यादा ख़रीददारी इसी समय होती है।

पतंजलि परिधान नाम से शुरू हुए इस शोरूम में 3 हजार नए प्रॉडक्ट बिकेंगे। जिनमें भारतीय कपड़ों से लेकर वेस्टर्न कपड़े, एक्सेसरीज और गहनों तक की बिक्री होगी। दिवाली पर इस शोरूम में 25 फीसदी तक का डिस्काउंट भी मिलेगा। लॉन्च के अवसर पर रामदेव ने बताया कि दिसंबर तक वह देश में करीब 25 नए स्टोर खोलेंगे। अभी दिल्ली में ही ये स्टोर है। रामदेव ने बताया कि पुरुषों के सभी कपड़े “संस्कार” नाम से, महिलाओं के सभी कपड़े “आस्था” ब्रांड से बिकेंगे। इस दौरान रामदेव के साथ मशहूर पहलवान सुशील कुमार, फिल्म प्रोड्यूसर मधुर भंडारकर भी मौजूद रहे।

‘परिधान’ शोरूम में लिव फिट स्पोर्ट्स वीयर, एथनिक वीयर, आस्था वीमेंस वीयर और संस्कार मेंस वीयर नाम से अलग-अलग कैटगरी में कपड़े बिकेंगे। मेंस वीयर में जींस भी बिकेंगी। विदेशी कंपनियों को टक्कर देने के लिए धनतेरस को ‘पतंजलि परिधान’ की शुरुआत की गई। पतंजलि कई क्षेत्र में अपने उत्पाद उतार चुकी है। पतंजलि के एमडी और कोफाउंडर बालकृष्ण के मुताबिक, अब ‘परिधान’ के तहत कंपनी मेट्रो और नॉन मेट्रो शहरों में करीब 100 स्टोर खोलेगी। नोएडा में परिधान के काम के लिए पहले ही अलग से एक टीम बना दी गई है।

Advertisement

कंपनी ने अपने निमंत्रण पत्र में लिखा है ‘खादी से जिस प्रकार स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत हुई, उसी तरह ‘पतंजलि परिधान’ भी देश में आर्थिक आजादी की नई क्रांति शुरू करेगा क्योंकि वस्त्र सिर्फ पहनावे की चीज नहीं बल्कि हमारी पहचान, आत्म-सम्मान और आत्म-गौरव का परिचायक है, जिससे किसी कीमत पर समझौता नहीं होना चाहिए। बाबा रामदेव की कंपनी ने दावा किया है कि स्वदेशी जींस भारतीयों, खासकर महिलाओं के लिए बहुत ही आरामदेह होगी। परिधान के अन्य उत्पादों में बेडशीट्स, योग वीयर, स्पोर्ट्सवीयर भी भारतीय संस्कृति से प्रेरित होंगे।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.