Published On : Mon, Aug 27th, 2018

ट्रक ने दुपहिया वाहन पर सवार इंजीनियरिंग छात्रा को कुचला

Advertisement

नागपुर: काटोल रोड पर शनिवार की रात दर्दनाक हादसा हुआ. टोल नाके के पास ट्रक ने दुपहिया वाहन पर सवार इंजीनियरिंग छात्र-छात्रा के दुपहिया वाहन को टक्कर मार दी. छात्रा की ट्रक ने नीचे कुचले जाने से मौत हो गई, जबकि सहपाठी बुरी तरह जख्मी हो गया.

मृतका आकाशनगर, मानेवाड़ा निवासी दिव्या योगेश्वर खारके (21) बताई गई. पुलिस ने जख्मी छात्र आदर्शनगर, उमरेड रोड निवासी अभिलाष कुकड़े (21) की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. दोनों ही काटोल रोड पर एसबी जैन इंजीनियरिंग कालेज में अंतिम वर्ष के छात्र हैं. साथ में पढ़ने के कारण दोनों की दोस्ती थी.

दिव्या रोजाना कालेज से निकलकर काटोल रोड तक जाती थी. वहां से बस पकड़कर नागपुर आती थी. शनिवार की रात भी वह कालेज से घर जाने के लिए निकली. इसी समय अभिलाष भी निकला था. उसने दिव्या को अकेले पैदल जाते देख लिफ्ट दी. रात 8.30 बजे के दौरान टोल नाके के पास अज्ञात ट्रक चालक ने अभिलाष की गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी. अभिलाष का गाड़ी से संतुलन छूट गया. दोनों गाड़ी के साथ नीचे गिर पड़े.

इसी दौरान ट्रक के चालक ने दिव्या को कुचल दिया. दूसरी तरफ गिरने से अभिलाष चपेट में नहीं आया. रास्ते से गुजर रहे लोग और टोल नाके पर तैनात कर्मचारियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. तुरंत दोनों को उपचार के लिए रवाना किया गया.

Advertisement

डाक्टरों ने जांच कर दिव्या को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभिलाष का उपचार जारी है. इसे काल का कहर ही कहेंगे कि दुर्घटना में दिव्या की मौत हो गई. आमतौर पर वह कालेज से निकलकर स्टार बस में नागपुर आती थी, लेकिन शनिवार को उसने लिफ्ट ली और इतना बड़ा हादसा हो गया. इस घटना से दिव्या के परिजन गहरे सदमे में हैं. पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.