
नागपुर: कपिलनगर थाना क्षेत्र के दीक्षितनगर में बंद मकान में हुई बड़ी चोरी का क्राइम ब्रांच यूनिट-6 ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी, नकदी, दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज समेत करीब 19 लाख 65 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है।
बंद मकान को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, दीक्षितनगर निवासी मकान मालिक परिवार के साथ बाहर गया था और घर पर ताला लगा हुआ था। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश किया। इसके बाद घर से करीब 84 तोला सोना, 900 ग्राम चांदी और नकदी चोरी कर फरार हो गए।
शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच यूनिट-6 ने मामले की समानांतर जांच शुरू की। गुप्त सूचना और CCTV फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची। पूछताछ के दौरान चोरी की पूरी कड़ी सामने आई।
चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने किशोर करवाडे, आर्यन मेश्राम, संतोष धमगाये और संगीता करवाडे को गिरफ्तार किया है। वहीं फरदीन शेख अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसकी तलाश जारी है।
चोरी का सोना बेचकर खरीदा प्लॉट और वर्ना कार
जांच के दौरान चोरी के माल को ठिकाने लगाने को लेकर भी बड़ा खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, किशोर करवाडे ने चोरी का माल अपनी मां संगीता को सौंपा था। इसके बाद चोरी का सोना बेचकर प्लॉट और वर्ना कार खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने प्लॉट और कार से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
आरोपियों के कब्जे से 14 तोला सोना, चांदी, 1.70 लाख रुपये नकद, एक दोपहिया वाहन, चार मोबाइल फोन, बैंक पासबुक तथा प्लॉट और वर्ना कार से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बरामद माल की कुल कीमत करीब 19.65 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए कपिलनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं पुलिस फरार आरोपी फरदीन शेख की तलाश में जुटी है।



