
नागपुर: मानेवाड़ा इलाके में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से पांच वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा महाकाली नगर स्थित बद्रीनाथ सोसायटी के पास हुआ। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
पड़ोसी के साथ टहलने निकली थी बच्ची
मृतक बच्ची की पहचान किशा गुरनुले के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रात में खाना खाने के बाद किशा अपने पड़ोसी के साथ घर के बाहर टहलने निकली थी।
इसी दौरान मानेवाड़ा निवासी गौरव मालवीय तेज रफ्तार से कार चलाते हुए वहां पहुंचा और बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में किशा गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
CCTV में कैद हुआ हादसा
हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार की टक्कर का पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है।
बच्ची के पिता की शिकायत पर हुड़केश्वर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




