नागपुर: एमआईडीसी थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए शटर उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और विभिन्न कंपनियों के 16 मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना भीमनगर पानी की टंकी के पास इसासनी रोड स्थित श्रीश्याम मोबाइल स्टोर में हुई। 25 जुलाई की रात करीब 11 बजे से 26 जुलाई की सुबह 8 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने दुकान के लोहे के शटर को उखाड़कर अंदर प्रवेश किया।
सुबह दुकान का शटर टूटा हुआ देखकर दुकान संचालक को चोरी की जानकारी मिली। अंदर मोबाइल फोन के बॉक्स बिखरे पड़े थे। जांच करने पर विभिन्न कंपनियों के 16 मोबाइल फोन गायब पाए गए।
शिकायत के आधार पर एमआईडीसी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।





