Published On : Thu, Aug 23rd, 2018

युवा सेना के शहराध्यक्ष ने देशभर के लोगों को लगाया करोड़ों रुपए का चूना

Advertisement

नागपुर: शिवसेना के पूर्व विभाग संपर्क प्रमुख गजानन कीर्तिकर विदर्भ में शिवसेना को मजबूत करने के लिए नागपुर शहर में शिवसैनिकों का सम्मेलन ले रहे हैं. वहीं एक सनसनीखेज खबर के अनुसार शिवसेना की एक शाखा युवा सेना के शहर अध्यक्ष आकाश सरोदे ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर देशभर के विभिन्न लोगों को करोड़ों का चूना लगा दिया है. ख़ास बात यह है कि सरोदे द्वारा ठगे गए कुछ लोग पिछले कई दिनों से सदर पुलिस से मदद की गुहार लगाते घूम रहे हैं. पुलिस ने सरोदे पर भी दबाव बनाया लेकिन बताते चले की वह परिवार समेत फरार हो गया है.

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सदर पुलिस ने सरोदे की एक एलईडी वैन भी थाने में लाकर रखी है. लेकिन अब तक उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है. उसके पास निवेश करनेवालों को उत्तराखंड की देहरादून पुलिस से शिकायत करने की सलाह दिए जाने की भी जानकारी है. सूत्रों से मिली अन्य जानकारी में युवा सेना शहर अध्यक्ष आकाश सरोदे ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर महज डेढ़ वर्ष पूर्व ‘ माय डायल ‘ नाम से एलईडी एडवरटाइजिंग कंपनी की स्थापना की. इस कंपनी के जरिये उसने शहर के कुछ चौराहों पर एलईडी टीवी स्थापित किए तथा उन पर विभिन्न दुकानों, लोगों, कंपनियों के विज्ञापन दिखाए जाने लगे.

आरोप है कि आकाश ने बाद में उत्तराखंड,छत्तीसगढ़ और राज्यों के विभिन्न शहरों में सेमीनार आयोजित कर लोगों को इस कंपनी में निवेश करने के बदले में महज 10 महीने में रकम दोगुनी होने का झांसा दिया. भारी कमीशन मिलने के कारण कई लोग एजेंट के तौर पर आकाश के साथ जुड़ गए और उन्होंने अपने शहरों के लोगों से लाखों रुपए जमा कर आकाश की कंपनी में ऑनलाइन जमा किए. इसके बदले में बकायदा स्टैम्प पेपर पर समझौता भी किया गया. स्टैम्प पेपर में बड़ी ही चालाकी से कुछ बातें लिखी गई जिस पर निवेशकों ने ध्यान नहीं दिया. अकेले देहरादून के लोगों ने करीब 54 लाख रुपए माय डायल कंपनी में जमा किए.

इस प्रकार विभिन्न शहरों में जमा की गई राशि को मिलाए तो यह आंकड़ा लगभग 150 करोड़ तक पहुंचने की चर्चा शहर में जारी है. जानकारी के अनुसार आकाश ने पहले 2 से 3 महीने तक लोगों को ब्याज भी दिया. जिससे आकर्षित होकर कई अन्य लोग उसकी कंपनी से जुड़ते चले गए. अब बताया जा रहा है कि पिछले 2 महीने से आकाश की कंपनी ने काम करना ही बंद कर दिया है. कई निवेशक कंपनी के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन वह नहीं मिल रहा है.

सूत्रों के अनुसार लोगों से जमा की गई राशि से आकाश ने कई स्थानों पर कीमती प्रॉपर्टी खरीद ली है.

Advertisement
Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.