
गोंदिया। दिवाली की खुशियों के बीच अपने मायके आई पुणे की एक एयर होस्टेस की बेरहमी से की गई हत्या की गुत्थी को गोंदिया पुलिस ने महज चार दिनों में सुलझा लिया है। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में जो सच सामने आया है, उसने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं। यह कत्ल किसी लूट या रंजिश का नतीजा नहीं, बल्कि पति-पत्नी और ‘वो’ के खूनी त्रिकोण की एक सोची-समझी साजिश थी।
प्यार , शक और खूनी साजिश का खेल ?
पुणे के धानोरी की रहने वाली 35 वर्षीय एयर होस्टेस वर्षा तुरकर दिवाली की छुट्टियां मनाने बालाघाट जिले के खैरलांजी स्थित अपने गांव किन्ही आई थीं। 14 नवंबर की शाम वह अपने गोंदिया निवासी मित्र नितेश अग्रवाल के साथ तिरोड़ा से लौट रही थीं। इसी दौरान दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बोंडरानी स्थित शिव मंदिर के पास जंगल में बाइक सवार तीन हमलावरों ने वर्षा पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
हाईटेक ऐप और जीपीएस बना मौत का जरिया
जांच में खुलासा हुआ है कि नितेश अग्रवाल और वर्षा के बीच प्रेम संबंध थे, जिससे नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल (41 वर्ष) बेहद नाराज थी। अपनी ‘सौतन’ को रास्ते से हटाने के लिए मोना ने खौफनाक साजिश रची। जिस कार से नितेश घूम रहा था, वह मोना के नाम पर रजिस्टर्ड थी। मोना ने अपने मोबाइल में कार ट्रैक करने वाले ‘टोयोटा आई-कनेक्ट’ ( i-Connect) ऐप को एक्टिव करवाया और उसकी आईडी-पासवर्ड हत्यारों को दे दिए। इसी ऐप की लाइव जीपीएस लोकेशन के सहारे कातिल साये की तरह कार का पीछा करते हुए बोंडरानी के जंगल तक जा पहुंचे।
13 लाख की सुपारी और 200 सीसीटीवी का सुराग
मोना ने अपने पड़ोसी कुणाल कुंभलकर (31) के जरिए गोंदिया के कुख्यात अपराधी शाहरुख पठाण (33 , निवासी-बाराखोली, सिंधी कॉलोनी) से संपर्क किया और वर्षा की हत्या के लिए 13 लाख रुपये की सुपारी दी। शाहरुख ने इस काम के लिए गोंदिया शहर के मुर्री इलाके के निवासी तीन युवकों- इमरान शेख (26), नलेन उर्फ नायलान शेख (24) और क्रिश राऊत (19) को तैयार किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोंदिया एसपी गोरख भामरे और एडिशनल एसपी अभय डोंगरे के निर्देश पर एलसीबी (LCB) पीआई रेवचंद सिंगनजुडे ने 6 विशेष टीमें गठित कीं।
पुलिस ने तिरोड़ा, खैरलांजी, वारासिवनी और बालाघाट से लेकर गोंदिया तक के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कार का पीछा करती एक संदिग्ध बाइक दिखी, जिसने पुलिस को सीधे कातिलों तक पहुंचा दिया।
जंगल मर्डर मिस्ट्री सुलझी: चार गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड पत्नी मोना नितेश अग्रवाल, मध्यस्थ कुणाल कुंभलकर, सुपारी किलर शाहरुख पठाण और शूटर इमरान शेख को गिरफ्तार कर दवनीवाड़ा पुलिस के हवाले कर दिया है। वारदात में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों नलेन शेख और क्रिश राऊत की सरगर्मी से तलाश जारी है।
सुपारी किलिंग के इस मामले में मोना अग्रवाल तक 13 लाख रुपए पहुंचाने वाले व्यक्ति भी की भी पुलिस ने पहचान कर ली है , पुलिस का कहना है इस मामले में नितेश अग्रवाल और मृतका वर्षा तुरकर के पति सैयद से भी पूछताछ की जा रही है।
इस मामले को लेकर आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है।
रवि आर्य



