Published On : Sun, Sep 8th, 2024
By Nagpur Today Nagpur News

Video गोंदिया: बागी नेता को किया जा रहा उपकृत , मैं बीजेपी में रहकर क्या करूंगा ? गोपालदास अग्रवाल ने की कांग्रेस में ” घर वापसी

चुनावी नफा नुकसान देख पूर्व विधायक ने लिया निर्णय , क्या गोंदिया विधानसभा क्षेत्र की जनता करेगी स्वीकार ?
Advertisement

गोंदिया भंडारा जिले से 2 बार के MLC तथा गोंदिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर तीन मर्तबा MLA रहे पूर्व विधायक गोपालदास अग्रवाल की पुरानी पार्टी कांग्रेस में घर वापसी की अटकलें तेज़ थी, इसी बीच आज 8 सितंबर को उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा को पत्र लिखा जिसमें उन्होंने कहा -पार्टी में मैंने सहयोग और विश्वास की कमी महसूस की है एवं बागी नेता ( मौजूदा निर्दलीय विधायक विनोद अग्रवाल ) को भारतीय जनता पार्टी द्वारा उपकृत करने का सिलसिला अब तक जारी है लिहाज़ा व्यथित मन से भाजपा के प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं।

2019 में कांग्रेस की टिकट जेब में थी , लेकिन मंत्री पद के लालसा में बीजेपी का दामन थामा लिया था

बता दें कि 2019 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने गोपालदास अग्रवाल की टिकट फाइनल की थी जिसके बाद महाराष्ट्र चुनाव कमेटी ने उनके उम्मीदवारी पर मुहर लगाते , जारी सूची में उन्हें अपना गोंदिया विधानसभा क्षेत्र के लिए उम्मीदवार घोषित किया था , कांग्रेस की टिकट फाइनल होकर गोपालदास अग्रवाल के जेब में थी और नामांकन भरने की अंतिम तिथि से 48 घंटे पूर्व उन्होंने मंत्री पद की लालसा में बीजेपी ज्वाइन कर ली थी और इनाम के तौर पर तब के मुख्यमंत्री रहे देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें तत्काल भाजपा का टिकट थमा दिया था।

Advertisement

गोपालदास अग्रवाल के अचानक कांग्रेस छोड़ने से पार्टी को झटका लगा तथा आनन-फानन में कांग्रेस से अमर वराड़े को एबी फॉर्म सौंपा और उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित करते कांग्रेस ने अपनी लाज बचाई थी अन्यथा 2019 के चुनावी रणभूमि में गोंदिया विधानसभा क्षेत्र से ” पंजा ” चुनाव चिन्ह ही गायब दिखाई देता।

खैर चुनाव परिणाम आने के बाद अमर वराड़े की जमानत जब्त हो गई और बीजेपी ने जिस गोपालदास अग्रवाल को टिकट थमाया था , जनता ने उसे सिरे से नकार दिया इस तरह गोपालदास अग्रवाल , निर्दलीय उम्मीदवार विनोद अग्रवाल के हाथों 25000 से अधिक मतों से चुनाव हार गए।

2024 लोकसभा चुनाव के राजनीतिक हालात की तस्वीर देख , कांग्रेस में की घर वापसी

2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद राजनीतिक हालात की तस्वीर बीजेपी के लिए धुंधली रही जैसी अपेक्षा थी वैसा रिजल्ट गोंदिया भंडारा जिले से नहीं आया , लोकसभा का चुनाव यहां से बीजेपी हार गई। सत्तारूढ़ गठबंधन महायुती के पराजय के बाद आगामी विधानसभा चुनाव में होने वाले जातिगत वोटों के नफा नुकसान को ध्यान में रखते हुए गोंदिया भंडारा जिले के कई नेता महाविकास आघाड़ी में शामिल हो रहे हैं , इसी कड़ी में पूर्व विधायक गोपालदास अग्रवाल ने भी पंजा चुनाव चिन्ह से गोंदिया विधानसभा क्षेत्र से फिर से भाग्य आजमाने का निर्णय लिया है और आज उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कांग्रेस में घर वापसी का ऐलान कर दिया।

गोपालदास अग्रवाल ने बताया वह 13 सितंबर को गोंदिया के सर्कस मैदान में आयोजित एक समारोह के दौरान कांग्रेस में विधिवत प्रवेश करने वाले हैं इस कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले , पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चौहान सहित कई बड़े नेता शामिल होंगे।

बोले – बीजेपी में ना परिश्रम की कद्र हुई ना निष्ठा की कद्र हुई- घर वापसी करना कोई अवसरवाद नहीं

अपने घर वापसी के प्रश्न पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए पूर्व विधायक गोपालदास अग्रवाल ने कहा-उन लोगों को 2019 में गोंदिया विधानसभा क्षेत्र में कमल खिलाने का लालच था , मुझे विकास का लालच था इसलिए मैं बीजेपी में गया लेकिन न परिश्रम की कद्र हुई और ना निष्ठा की कदर हुई और इसीलिए घर वापसी करना कोई अवसरवाद नहीं , पार्टीयां बदलना अवसरवाद है और मैंने पहले ही कहा सुबह का भुला अगर शाम को घर लौट आए तो उसे भूला नहीं कहते यह सर्वेविदित बात है और इसलिए मैं किसी अन्य पार्टी में प्रवेश नहीं कर रहा हूं मैं अपने घर वापस आया हूं।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.