Published On : Wed, Sep 21st, 2022
By Nagpur Today Nagpur News

Video गोंदिया : बादल फटने जैसी बारिश से मची तबाही

Advertisement

जिले की सभी 8 तहसीलों में बारिश का कहर टूटा, आवाजाही प्रभावित

गोंदिया: इस वर्ष इंद्रदेव कुछ ज्यादा ही मेहरबान हैं जिसके कारण बारिश का क्रम थमने का नाम नहीं ले रहा। 20 सितंबर मंगलवार रात 8 बजे से गोंदिया जिले में बादल फटने जैसी बारिश हुई है जिले की सभी 8 तहसीलों से अतिवृष्टि और तबाही की खबरें आ रही है।

कई कच्चे मकान और मवेशी तबेले गिर गए हैं वहीं नदी नालों के किनारे बसे गांव के घरों में पानी भर गया है।
पिछले 12 घंटे से लगातार जारी मूसलाधार बारिश के कहर की वजह से शहर से लेकर गांव तक का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है इस वजह से कई इलाकों में बिजली गुल है तथा आवाजाही एकदम रुक सी गई है। बाढ़ जैसे हालात को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों को अलर्ट कर दिया गया है , प्रभावित इलाकों से बाढ़ के पानी में फंसे लोगों को रेस्क्यू किया जा रहा है।

इस भीषण बारिश की वजह से सैकड़ों हेक्टर खेती भी पानी लबालब हो चली है जिससे फसलें पानी में डूबने से तबाह हो गई है।

Advertisement

शहर की सड़कें तालाब में तब्दील , घुटनों तक पानी
मंगलवार रात 8 बजे से शहर में भी भीषण बारिश का दौर देखने को मिल रहा है मैदानी इलाकों से लेकर शहर के निचले इलाकों की सड़कों और कालोनियों में जलभराव हो गया है। जगह-जगह पानी भरने से लोग परेशान हैं और कई इलाकों की आवाजाही पर बेहद असर पड़ा है। बांध नदी तालाब जलाशय सभी उफान पर बह रहे हैं शहर के रिंग रोड , रेलवे अंडरग्राउंड सड़क, सूर्यटोला , छोटा गोंदिया , गौरी नगर , संजय नगर , रेलवे सरकारी तालाब से सटे सुंदर नगर ,झोपड़ी मोहल्ला , सतनामी नगर जैसे इलाकों मैं जगह-जगह पानी भरने से लोग परेशान हैं ‌।

इन इलाकों के घरों और दुकानों में पानी भरने से नुकसान की खबरें आ रही है ‌।
रेलवे अंडर ग्राउंड मार्ग पर घुटने से अधिक पानी भरने से सिंगल टोली रेलवे चौकी पर वाहनों का रश बढ़ गया है , वाहन चालक लंबा चक्कर लगाकर हड्डी टोली और सूर्य टोला रेलवे क्रॉसिंग से होकर मार्केट इलाके की ओर जाने हेतु विवश है।

स्कूल कॉलेज ट्यूशन क्लासेस की छुट्टी , छात्र पानी में बह गया
तिरोड़ा टी प्वाइंट से कुड़वा इलाके का रिंग रोड पानी से लबालब है। रानी अवंती बाई चौक पर 2 फीट पानी होने से आसपास के दुकानों और घरों में पानी भर चुका है। बालाघाट तिरोड़ा मार्ग पर पानी से भरी रिंग रोड सड़क को पार करते वक्त ट्रक चालक को गड्ढा दिखाई नहीं दिया जिससे ट्रक बीच सड़क पलट गया। रिंग रोड , एनएमडी कॉलेज रोड तथा रामनगर मनोहर कॉलोनी रोड तालाब बना हुआ है।

गौरतलब है कि इन्हीं सड़कों से स्कूल कॉलेज और ट्यूशन की ओर हजारों विद्यार्थी प्रतिदिन आते जाते हैं। रिंग रोड पर ज्ञानपीठ स्कूल के पास बहने वाले उफनते नाले को पार करते वक्त न्यू लक्ष्मी नगर लोहिया वार्ड निवासी रणजीतसिंह नामक एक 21 वर्षीय छात्र के पानी के तेज बहाव में बह जाने की सूचना मिलने पर आपदा प्रबंधन विभाग की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन हेतु नाले पर पहुंची तथा शोध बचाव कार्य जारी है। शहर के मार्केट इलाके में स्थित देशबंधु वार्ड में विद्युत खंभे की तारें झूल रही है।


मुर्री रोड पर स्थित गैस गोदाम के पीछे माताटोली के एमएसईबी ऑफिस निकट स्थित झाड़ विद्युत खंभे की तारों पर रात के वक्त गिर गया जिससे इलाके की बिजली खंडित हो गई और रास्ता आवाजाही हेतु बंद रखना पड़ा।

गौरतलब है कि मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक इस बार सितंबर तक बारिश होने का अनुमान है लेकिन 23 सितंबर तक विदर्भ में अच्छी बारिश का अनुमान जताया गया है।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.