Published On : Wed, Sep 25th, 2019

बाबा ताज की शान में 26 सितंबर को निकलेगा दरबारी शाही संदल

Advertisement

नागपुर: हजरत बाबा ताजुद्दीन के दरबार में शाही चादर चढ़ाने के लिए हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट की ओर से भव्य दरबारी शाही संदल गुरुवार, 26 सितंबर को सुबह 10 बजे ट्रस्ट के कार्यालय से निकलेगा. सर्वधर्म समभाव के प्रतीक, विश्वप्रसिद्ध सूफी संत हजरत बाबा ताजुद्दीन र.अ. का 97वां सालाना उर्स ताजाबाद शरीफ, उमरेड रोड में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. देश के कोने-कोने से रोजाना हजारों जायरीनों के आने का सिलसिला जारी है. ताज बाबा का विशाल शाही संदल शहर के प्रमुख आयोजनों में से एक है. इसमें शरीक होने और देखने के लिए शहरवासियों को इंतजार रहता है.

तय कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को सुबह 9 बजे से ट्रस्ट कार्यालय के सभागृह में कव्वाली व अतिथियों का स्वागत होगा. इसके बाद सुबह 10 बजे शाही संदल शहर में भ्रमण के लिए निकलेगा. इस संदल में सफेद घोड़े, बैंड, ढोल पार्टी, मलंग सहित दूर-दूर से आने वाले फकीर, जायरीन शामिल होंगे.

यह संदल ट्रस्ट कार्यालय से निकलकर उमरेड रोड के द्वार पर पहुंचेगा. यहां से क्रमशः शीतला माता मंदिर चैक, भांडे प्लाट चैक, सक्करदरा चैक, जनरल आवारी चैक, अशोक चैक, नई शुक्रवारी सीमेंट रोड, शिवाजी चैक महल, चिटणीस पार्क चैक, अग्रसेन चैक, सीए रोड, चंद्रशेखर आजाद चैक, लकड़ापुल महल, नटराज टाॅकीज, झंडा चैक, चिटणवीसपुरा, जूनी शुक्रवारी, सक्करदरा चैक होते हुए शाम 6 बजे ताजाबाद शरीफ पहुंचेगा, तदोपरांत दरगाह में चादर चढ़ाई जाएगी.

शुक्रवार, 27 सितंबर को सुबह 9 बजे छोटा कुलशरीफ की फातेहा होगी. इसी तारीख को रात 10 बजे आॅल इंडिया नातिया मुशायरा होगा, जिसमें देश के कई शहरों से आए शायर नात पेश करेंगे. रविवार, 29 सितंबर को सुबह 10 बजे बड़ा कुल शरीफ की फातेहा होगी. ट्रस्ट के प्रशासक गुणवंत कुबड़े, मानद सदस्य एड. अश्विन बेथारिया और कार्यकारी सदस्य अमानुल्ला खान ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में संदल में शरीक होने की अपील की है.

Advertisement
Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.