
नागपुर : मनपा के शिक्षा विभाग की स्कूलों में शैक्षणिक सुविधाओं को बढ़ाने और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई योजनाएं तैयार की जा रही हैं। पूर्व नागपुर में मनपा की ओर से 11वीं और 12वीं कक्षा के लिए जूनियर कॉलेज शुरू करने की योजना है। यहां विद्यार्थियों को साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स तीनों संकायों में शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।मनपा शिक्षण समिति के सभापति संतोष लढ्ढा ने आज आयोजित पत्रकार परिषद में शिक्षा विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।
लढ्ढा ने बताया कि मनपा के अंतर्गत कुल 114 स्कूल संचालित हैं, जिनमें करीब 14 हजार विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी स्कूलों में CCTV कैमरे लगाने की योजना है। इसके साथ ही जिन स्कूलों में अभी तक बायोमेट्रिक मशीन नहीं लगी है, वहां भी मशीनें लगाने पर काम किया जाएगा।
छोटे बच्चों की देखभाल और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बालवाड़ी और प्राथमिक स्कूलों में सहायक दीदी नियुक्त करने की योजना है। इससे छोटे विद्यार्थियों को स्कूल में पढ़ाई के साथ आवश्यक सहयोग मिल सकेगा।मनपा के 12 अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में से दो स्कूलों को CBSE पैटर्न पर विकसित करने की योजना है।
इसके अलावा सेमी इंग्लिश माध्यम के स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा का अवसर मिल सके।शिक्षा विभाग में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया भी की गई है। जानकारी के अनुसार, 168 शिक्षकों की भर्ती हुई है, जबकि पवित्र पोर्टल के माध्यम से 19 शिक्षकों की भर्ती की गई है।मनपा के स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या और स्कूलों के संचालन को लेकर भी जानकारी दी गई। पिछले वर्ष मनपा की 9 स्कूलें बंद हुई हैं। अब सेमी इंग्लिश स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने और शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार पर ध्यान दिया जाएगा।
पत्रकार परिषद में संतोष लढ्ढा ने मनपा स्कूलों में सुरक्षा, शिक्षकों की उपलब्धता, अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा और विद्यार्थियों के लिए नई सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।



