Published On : Sun, Apr 27th, 2025
By Nagpur Today Nagpur News

सनसनीखेज वारदात: नागपुर में मामूली विवाद ने ली 22 वर्षीय युवक की जान !

हत्या का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
Advertisement

नागपुर – शहर में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है और हत्या की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आज सुबह एक बार फिर नागपुर को दहला देने वाली घटना सामने आई, जब मामूली विवाद के चलते एक 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने नागपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10:30 बजे जरिपटका थाना क्षेत्र के तथागत चौक पर यह दर्दनाक घटना घटी। बताया जा रहा है कि एक आईसर (मिनी ट्रक) गाड़ी का ड्राइवर और मजदूर सिग्नल पर वाहन मोड़ने के मुद्दे पर आपस में भिड़ गए। मामूली बहस ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। इसी दौरान, एक अज्ञात शख्स ने अपनी जेब से चाकू निकालकर अर्जुन अतुल दहाड़े (22) पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

गंभीर रूप से घायल अर्जुन को तत्काल स्थानीय नागरिकों की मदद से इंदिरा गांधी शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद तथागत चौक व आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया।

घटना की सूचना मिलते ही नागपुर शहर पुलिस, क्राइम ब्रांच यूनिट और कपिल नगर पुलिस थाना की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच प्रारंभ कर दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक आरोपी फरार था। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं।

Advertisement

इस हत्या ने एक बार फिर नागपुर में कानून व्यवस्था को लेकर आम नागरिकों की चिंताओं को बढ़ा दिया है। शहरवासियों में पुलिस की निष्क्रियता के प्रति गहरी नाराजगी देखी जा रही है। रविवार की छुट्टी के बावजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को घटनास्थल का निरीक्षण करना पड़ा।

सवाल उठता है:
जब मामूली विवाद भी खून-खराबे में तब्दील हो रहे हैं, तो क्या नागपुर पुलिस शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में सक्षम है? मृतक अर्जुन दहाड़े की निहायत मामूली वजह से गई जान ने नागपुरवासियों के दिलों में दहशत और चिंता दोनों भर दी है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.