Published On : Thu, Jul 26th, 2018

सड़क पर कबाड़ गाड़ियों का अतिक्रमण

Advertisement

नागपुर: महल क्षेत्र के गाड़ीखाना परिसर में कबाड़ी और घर निर्माण सामग्री के व्यापारी मनमानी पर उतर आए हैं. सड़क पर स्थानीय निवासियों की गाड़ियां पार्क होने के बजाए परिसर के बाहर रहने वाले कबाड गाड़ियों के व्यापारी रंगदारी दिखाकर जबरन गाड़ियां पार्क कर रहे हैं. वहीं रेती, गिट्टी ट्रकों को भी व्यापारी सड़क पर ही खाली कर रहे हैं. जिससे निवासी और यातायात कर रहे नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई बार शिकायत करने के बाद भी प्रशासन आंख मूंदे बैठा है और सड़क पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा हैं.

टोकने पर दिखाते हैं रंगदारी
नागरिकों का कहना है कि परिसर की मुख्य सड़क के दोनों तरफ कबाड़ की गाड़ियां पार्क की जा रही है. यह अवैध पार्किंग एक दो दिन नहीं, बल्कि लगभग एक साल से हो रही है. गाड़ियां उठाने के लिए कहने पर गाड़ी मालिक गाली-गलौज कर मारपीट पर उतर आते हैं. सड़क के दोनों ओर गाड़ियां होने के कारण नागरिकों और राहगीरों को यातायात में परेशानी हो रही है. इन गाड़ियों के अलावा कोई भी व्यक्ति अपनी गाड़ी यहां पार्क नहीं कर सकता.

यदि स्थानीय निवासी अपनी गाड़ियां पार्क करते हैं तो कबाड़ व्यापारी रंगदारी दिखाते हुए रात के समय कभी गाड़ियों के कांच फोड़ते हैं तो कभी चक्के निकाल ले जाते हैं. इसके अलावा उस जगह गाड़ियां पार्क नहीं करने के लिए स्थानीय नागरिकों को डराया धमकाया जाता है. निवासियों द्वारा कई बार शिकायत करने पर भी अवैध पार्किंग पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है. परिसर में करीब एक दर्जन से भी अधिक कबाड़ गाड़ियां सड़क पर पार्क है. व्यापारी इन गाड़ियों को बेचने के बजाए गाड़ियों से सामान को निकाल कर बेचते रहते हैं.

घर से सप्लाई हो रही घर निर्माण सामग्री
कबाड़ीवाले की रंगदारी को देखते हुए एक निवासी ने घर से ही रेती, गिट्टी, ईंटें सप्लाई का व्यापार शुरू कर दिया है. हर दिन बड़ी-बड़ी गाड़ियों से परिसर में आती है और सड़क पर रेती, गिट्टी को खाली कर चली जाती है. घर निर्माण की सामग्री के लोडिंग एवं अनलोडिंग के दौरान परिसर में धूल का गुबार उठता है और आस पड़ोस में रहने वाले लोगों के घरों में घुसता है.

Advertisement

जिससे परिसर में लोगों को दमे की बीमारी होने की संभावना हो सकती है. वहीं सड़क पर फैली सामग्री और अवैध पार्किंग के चलते सड़क संकरी होने से यातायात में दिक्कतें आ रही हैं. इसके अलावा सड़क पर फैली हुई घर निर्माण सामग्री के कारण वाहन चालकों के फिसलकर गिरने का खतरा बढ़ गया है.

मूर्तिकार ने किया अतिक्रमण
इसी बात का फायदा उठाते हुए एक मूर्तिकार ने भी सड़क पर अपना कब्जा कर लिया है. मूर्तिकार ने गार्डन की कम्पाउंड वाल से सट कर मिट्टी का ढेर लगा रखा है और घर के आगे आधी सड़क पर कब्जा कर वाटर प्रूफ पंडाल लगा रखा है. और आस- पास की जगह टीन के पतरों से घेर रखा है.

बारिश के पानी से मिट्टी सड़क पर फैल चुकी है. इस कारण वाहन चालकों का फिसलकर गिरने का खतरा बढ़ गया है. इस परिसर में लोग अपनी मनमानी करते हुए अतिक्रमण कर रहे हैं. जिससे राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसलिए प्रशासन को जल्द से जल्द अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने की आवश्यकता है.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.