Published On : Sun, Nov 15th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

दूसरी शादी से भड़की रंजिश, मेडिकल चौक पर पलाश की हत्या

पहली पत्नी के भाई ने दो साथियों के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम; तीनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
Advertisement

दूसरी शादी से भड़की रंजिश, मेडिकल चौक पर पलाश की हत्या

नागपुर टुडे – नागपुर के मेडिकल चौक पर गुरुवार की रात हुई पलाश उर्फ गणी प्रकाश वासनिक की हत्या के मामले में अजनी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश और पुरानी दुश्मनी की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मृतक की दूसरी शादी से नाराज पहली पत्नी के भाई ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद फरार हुए तीनों आरोपियों को पुलिस ने इमामवाड़ा थाना क्षेत्र के करबला धोबी घाट परिसर से दबोच लिया। शुक्रवार को तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पहली पत्नी के भाई ने रची हत्या की साजिश
गिरफ्तार आरोपियों में आयुष उर्फ चिंटू दीपक धुपे (23), निवासी मिलिंद बुद्धविहार के पास, रामबाग, इमामवाड़ा, अथर्व दिनेश भगत (20) तथा सुमेध शैलेष मेश्राम (24), निवासी धम्मनगर, बस स्टैंड के पास, गणेशपेठ शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, पलाश की पहली शादी वर्ष 2020 में अंजली नामक युवती से हुई थी। अंजली आरोपी आयुष धुपे की बहन है। शादी के करीब एक साल बाद पलाश के जेल जाने के बाद अंजली ने उसका घर छोड़ दिया था और दोनों अलग रहने लगे थे। इस दौरान उनके बीच विवाद भी चल रहा था।

वर्ष 2025 में जेल से बाहर आने के बाद पलाश ने तन्नु आत्राम नामक युवती से दूसरी शादी कर ली। इस शादी को लेकर पहली पत्नी अंजली और उसके भाई आयुष में नाराजगी थी। इसी रंजिश ने आगे चलकर खूनी रूप ले लिया। पुलिस का दावा है कि आयुष ने अपने साथियों के साथ मिलकर पलाश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

Advertisement

मेडिकल चौक पर हुआ विवाद, फिर हत्या
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पलाश का सुमेध और अथर्व के साथ भी विवाद चल रहा था। आरोप है कि पलाश कई बार दोनों की जेब से जबरन पैसे निकाल लेता था। इस बात को लेकर दोनों उससे नाराज थे।

गुरुवार की रात सुमेध और अथर्व मेडिकल चौक स्थित एस.के. पान मंदिर के सामने चाय पीने पहुंचे थे। इसी दौरान पलाश के साथ फिर पैसों को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

करबला धोबी घाट से तीनों गिरफ्तार
हत्या की सूचना मिलते ही अजनी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। आरोपियों की तलाश के दौरान परिमंडल-4 की विशेष टीम को गोपनीय जानकारी मिली कि तीनों आरोपी इमामवाड़ा थाना क्षेत्र के करबला धोबी घाट परिसर में छिपे हुए हैं।

इस सूचना के आधार पर विशेष टीम ने अजनी पुलिस की मदद से परिसर में छापा मारा और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।

आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, सुमेध मेश्राम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 324 के तहत एक मामला दर्ज है। वहीं अथर्व भगत के नाबालिग रहने के दौरान वर्ष 2024 में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

हत्या का मामला दर्ज, पुलिस खंगाल रही हर पहलू
इस मामले में मृतक की बहन परिणिता सजल पाटील (27) की शिकायत पर अजनी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।

पुलिस सहआयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी और पुलिस उपायुक्त रश्मिता राव के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितीनचंद्र राजकुमार और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की पूरी कहानी और साजिश के अन्य पहलुओं का पता लगाने में जुटी है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.