
पुलिस के अनुसार, रिमांड होम में कामठी हत्याकांड के अलावा सदर और हुडकेश्वर थाने में दर्ज मामलों से जुड़े नाबालिग आरोपियों को रखा गया था। फरार हुए आरोपियों में से एक को कुछ दिन पहले पुणे पुलिस ने पिस्तौल रखने के मामले में पकड़ा था। इसके बाद उसे नागपुर स्थित रिमांड होम भेजा गया था।
लघुशंका का बहाना, फिर खिड़की तोड़कर भागे
शनिवार रात चारों नाबालिगों ने रिमांड होम से भागने की योजना बनाई। बताया जा रहा है कि उन्होंने लघुशंका के लिए शौचालय जाने का बहाना बनाया। शौचालय पहुंचने के बाद चारों ने वहां लगी खिड़की को तोड़ दिया और बाहर निकलकर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।
घटना सामने आने के बाद कपिलनगर पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। जांच के दौरान एक आरोपी के पुणे में होने की जानकारी पुलिस को मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम पुणे पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस अब फरार तीन अन्य नाबालिगों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
कपिलनगर थाने के पुलिस निरीक्षक सतीश आडे ने एक आरोपी के पुणे से पकड़े जाने की पुष्टि की है।



