Published On : Fri, Mar 8th, 2019

बोले राहुल गांधी- पर्रिकर से शुरू हो राफेल डील की फाइल चोरी होने की जांच

Advertisement

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गोवा की रैली में राफेल डील में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा. लेकिन इस बार उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के खिलाफ भी जांच बैठाने की मांग की.

राहुल गांधी ने राफेल डील का जिक्र करते हुए कहा कि HAL में दुनिया का सबसे मॉडल हवाई जहाज बनाने का फैसला हुआ था लेकिन मोदी ने प्रधानमंत्री बनते ही इस करार को बदल दिया. उन्होंने कहा कि तत्कालीन रक्षा मंत्री पर्रिकर ने दुनिया को बताया कि उन्हें नए करार के बारे में कुछ नहीं पता है. हिन्दू अखबार की रिपोर्ट का हवाला देते हुए राहुल ने प्रधानमंत्री पर करार में दखल देने का आरोप लगाया.

गोवा की रैली में राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में राफेल की फाइल गायब होने की बात कही, जिन फाइलों में लिखा है कि नरेंद्र मोदी ने राफेल हवाई जहाज का दाम बढ़ाया. राफेल की फाइलें उसी तरह से गायब हो गईं जैसे गोवा में सरकार गायब हो गई है. उन्होंने कहा कि राफेल डील की जांच पर्रिकर से शुरू होनी चाहिए.

पर्रिकर के पास थी फाइल

Advertisement

राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि पर्रिकर ने ही कैबिनेट में बोला था कि राफेल की फाइल मेरे पास है और मुझे मोदी गोवा के मुख्यमंत्री पद से कभी नहीं हटा सकते, क्योंकि अगर वो ऐसा करते हैं तो मैं राफेल की फाइल सार्वजनिक कर दूंगा. राहुल ने आरोप लगाया कि अगर फाइलें गायब हुई हैं तो इसकी जांच पर्रिकर से शुरू होनी चाहिए.

बीजेपी पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि रोजगार गायब हो गया, 15 लाख रुपया गायब हो गया. नोटबंदी के दौरान आप बैंक की लाइन में खड़े थे, तब भी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी गायब हो गए. उन्होंने कहा कि गोवा में से जीएसटी के बाद पर्यटन गायब हो गया. किसानों का भविष्य भी मोदी सरकार आने के बाद गायब हो गया है.

सब कुछ गायब हो गया

मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा कि गोवा पहले पर्यटन केंद्र हुआ करता था लेकिन अब मोदीजी इसी अपने मित्र के लिए कोल का केंद्र बनाने में लगे हुए हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास मुद्दों की कमी नहीं है. एक नारा ‘गायब हो गया’ और दूसरा नारा ‘चौकीदार चोर है.’ उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस को यह बातें घर-घर तक ले जानी है.

गोवा में सरकार के मुद्दे पर राहुल गांधी ने कहा कि यहां कांग्रेस की सरकार बनी है लेकिन बीजेपी ने पैसे की दम पर गोवा की जनता से सरकार चोरी की है. कांग्रेस के लोग यह बात हर गांव और शहर तक ले जाएं ताकि दिल्ली के साथ-साथ गोवा में भी हमारी जीत हो.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.