Published On : Sat, Nov 28th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

फ्लेक्स लगाने का मोह, बाकरवड़ी का स्वाद और पुणेरी नसीहत! पुणे-नागपुर मनपा की X पर जुगलबंदी

Advertisement

CM फडणवीस ने की अवैध होर्डिंग्स पर कार्रवाई की तारीफ, तो पुणे ने फ्लेक्स न लगाने का दिया भरोसा; नागपुर ने 7 दिसंबर को बुलाया, जवाब में पुणे बोला- बाकरवड़ी लाएंगे, स्वागत में फ्लेक्स मत लगाना!

फ्लेक्स लगाने का मोह, बाकरवड़ी का स्वाद और पुणेरी नसीहत! पुणे-नागपुर मनपा की X पर जुगलबंदीनागपुर: शहर में कोई नेता आए, कोई मंत्री जाए या कोई छोटा-बड़ा आयोजन हो, स्वागत का सबसे पहला ख्याल आता है- एक शानदार फ्लेक्स! लेकिन इस बार मामला थोड़ा उल्टा है। फ्लेक्स लगाने की बीमारी पर नसीहत देने का काम खुद दो महानगरपालिकाएं कर रही हैं। वह भी सोशल मीडिया पर ऐसे अंदाज में कि सरकारी अकाउंट्स की यह बातचीत अब चर्चा का विषय बन गई है।

मौका था अवैध होर्डिंग्स और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई का। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे महानगरपालिका (PMC) के अभियान की तारीफ की और नागपुर प्रशासन को भी आगामी शीतकालीन अधिवेशन के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी। इसके बाद पुणे और नागपुर मनपा के बीच X पर ऐसी जुगलबंदी शुरू हुई, जिसमें फ्लेक्स भी था, तंज भी और पुणे की मशहूर बाकरवड़ी भी!

तारीफ मिली तो पुणे को फ्लेक्स लगाने का मन हुआ!

मुख्यमंत्री की तारीफ से उत्साहित पुणे मनपा (@PMCPune) ने आभार जताते हुए लिखा कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय का हृदय से धन्यवाद। इस प्रशंसा के बाद अभिनंदन का एक फ्लेक्स लगाने का मोह तो हुआ था, लेकिन हमने खुद पर काबू पा लिया।

यानी तारीफ भी मिली और फ्लेक्स लगाने की इच्छा भी हुई, लेकिन इस बार प्रशासन ने खुद को ही रोक लिया। शायद यही असली आत्मसंयम है!

Advertisement

नागपुर ने कहा- फ्लेक्स बचा लिया, अब 7 दिसंबर को आइए!

पुणे के इस पुणेरी तंज पर नागपुर महानगरपालिका (@ngpnmc) भी कहां पीछे रहने वाली थी। उसने जवाब दिया कि अच्छा हुआ आपने फ्लेक्स लगाने का मोह रोक लिया। लेकिन हमारी शुभकामनाएं देखने के लिए 7 दिसंबर को नागपुर जरूर आइएगा। हम नागपुरवासी सभी के स्वागत के लिए उत्सुक हैं।

अब नागपुर का यह न्योता था या पुणे को फ्लेक्स-मुक्त स्वागत का ट्रेलर दिखाने की चेतावनी, यह तो 7 दिसंबर को ही पता चलेगा!

फ्लेक्स लगाने का मोह, बाकरवड़ी का स्वाद और पुणेरी नसीहत! पुणे-नागपुर मनपा की X पर जुगलबंदीपुणे की आखिरी चोट- बाकरवड़ी लाएंगे, फ्लेक्स मत लगाइएगा!

नागपुर के न्योते पर पुणे मनपा ने ऐसा जवाब दिया कि पूरी बातचीत का सबसे मजेदार हिस्सा बन गया।

पुणे मनपा ने कहा कि धन्यवाद, हम जरूर आएंगे। लेकिन याद रखिए, पुणेकर मेहमान जब कहीं जाता है तो अपने साथ दो चीजें लाता है- बाकरवड़ी और सूचना!

इसके बाद पुणे ने पहले ही सूचना दे दी कि हमारे आगमन पर कोई फ्लेक्स नहीं लगाया जाए। बाकरवड़ी हम साथ लेकर आएंगे।

मतलब मेहमान पुणे से आएंगे, बाकरवड़ी भी आएगी, लेकिन स्वागत के नाम पर शहर में फ्लेक्स का नया बाजार नहीं सजना चाहिए!

फ्लेक्स लगाने का मोह, बाकरवड़ी का स्वाद और पुणेरी नसीहत! पुणे-नागपुर मनपा की X पर जुगलबंदीफ्लेक्स पर तंज, लेकिन संदेश बिल्कुल गंभीर

सरकारी सोशल मीडिया अकाउंट्स से आमतौर पर योजनाओं की जानकारी, सरकारी घोषणाएं और औपचारिक बधाइयां ही देखने को मिलती हैं। लेकिन पुणे और नागपुर मनपा ने इस बार व्यंग्य को ही संदेश का माध्यम बना दिया।

हंसी-मजाक अपनी जगह, लेकिन संदेश साफ है- मुख्यमंत्री का दौरा हो, शीतकालीन अधिवेशन हो या किसी नेता का स्वागत, शहर की दीवारों, बिजली के खंभों और सड़कों को अवैध फ्लेक्स से पाटने की छूट नहीं मिलने वाली।

अब देखना यह है कि 7 दिसंबर को पुणे के मेहमानों का स्वागत बाकरवड़ी से होता है या नागपुर की पुरानी फ्लेक्स संस्कृति फिर जाग उठती है!

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.