Published On : Wed, Aug 15th, 2018

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को करेंगे संबोधित

Advertisement

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 72वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आज लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे. साल 2014 में भाजपा नीत एनडीए के सत्ता में आने के बाद से यह उनका पांचवां संबोधन होगा. पीएम के तौर पर इस कार्यकाल का ये उनका आखिरी भाषण होगा. 2019 में आम चुनाव प्रस्तावित है.

पीएम ने स्वतंत्रता दिवस के भाषण के लिए हाल में लोगों से विचार मांगे थे. प्रधानमंत्री पिछले तीन साल से लोगों से अपने संबोधन के लिए राय मांग रहे हैं. MyGov.in के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी कुछ लोगों की राय को अपने भाषण में शामिल करेंगे.

2014 में दिया था बतौर पीएम पहला भाषण

मोदी ने बतौर पीएम स्वतंत्रता दिवस पर अपना पहला 15 अगस्त 2014 को दिया था. तब उन्होंने लाल साफ पहनकर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया था. पीएम मोदी अपने भाषण में सरकार की उपलब्धियां लोगों के सामने रखेंगे. साथ ही वह भविष्य की कुछ योजनाओं का खाका भी सामने रख सकते हैं.

Advertisement

उनके भाषण में एनडीए सरकार की कई उपलब्धियों का जिक्र होगा. इनमें उज्जवला योजना, घर घर बिजली, रोजगार, स्वच्छ भारत अभियान, विदेशी मोर्चे पर सफलता और मजबूत संबंध, भ्रष्टाचार पर प्रहार जैसे मुद्दों का जिक्र हो सकता है. चूंकि पीएम मोदी का अपने कार्यकाल का आखिरी संबोधन होगा इसलिए इसमें कई मुद्दों का विस्तार से वर्णन हो सकता है.

बदला रूट, इन बातों का रखें ध्यान

लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर कुछ सड़कों पर यातायात संबंधी पाबंदी रहेगी जबकि लोगों की समारोह में हिस्सा लेने में मदद करने के लिए मेट्रो की वॉयलेट लाइन पर सेवाएं तड़के साढ़े चार बजे से शुरू हो जाएंगी. दिल्ली मेट्रो की वॉयलेट लाइन फरीदाबाद के एस्कॉर्ट्स मुजेसर से पुरानी दिल्ली के कश्मीरी गेट को जोड़ती है.

पुलिस ने बताया कि छह सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक होगी जबकि कुछ सड़कों पर वाहनों को दूसरी सड़कों की तरफ मोड़ दिया जाएगा. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर किए गए सुरक्षा उपायों को देखते हुए दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों पर दोपहर दो बजे तक पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी.

पुलिस ने कहा कि छह सड़कें – नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियान मार्ग, एस पी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक मार्ग, निषाद राज मार्ग और एस्प्लेनेड मार्ग एवं उसे जोड़ने वाली सड़क सुबह पांच बजे से नौ बजे के बीच आम लोगों के लिए बंद रहेगी. उत्तर-दक्षिण के बीच चलने वाले वाहन अरबिंदो मार्ग, कनॉट पैलेस-मिंटो रोड, रिंग रोड-आईएसबीटी और निजामुद्दीन पुल से वैकल्पिक मार्ग से जाएंगे. पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर में वाहन डीएनडी-एनएच24-विकास मार्ग, विकास मार्ग-डीडीयू मार्ग और बुलेवार्ड रोड-बर्फखाना के वैकल्पिक रास्तों से जाएंगे.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.