नागपुर: शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ पाचपावली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 12 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की है। कार्रवाई में दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन और नकदी समेत करीब ₹3.78 लाख का माल जब्त किया गया है। वहीं, मामले से जुड़े दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पहली कार्रवाई में 5 ग्राम MD बरामद
पहली कार्रवाई वैशालीनगर इलाके में डॉ. आंबेडकर मैदान के पास की गई। पुलिस ने दोपहिया वाहन से जा रहे अलफाक मोहम्मद मुकीम मलिक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 5 ग्राम MD बरामद हुई।
पूछताछ में अलफाक ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसे यह ड्रग्स कैफ मलिक ने उपलब्ध कराई थी। पुलिस अब कैफ मलिक की तलाश कर रही है।
दूसरी कार्रवाई में भी MD जब्त
दूसरी कार्रवाई बास्केटबॉल ग्राउंड से अहमदनगर ग्राउंड की ओर जाने वाली गली में की गई। यहां पुलिस ने भूषण सचिन खापरे को हिरासत में लेकर तलाशी ली।
उसके पास से MD ड्रग्स के अलावा एक महंगा मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई। दोनों कार्रवाइयों में जब्त सामान की कुल कीमत करीब ₹3.78 लाख बताई गई है।
दो फरार आरोपियों की तलाश
दोनों मामलों में पाचपावली पुलिस ने NDPS Act की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके कथित साथियों कैफ मलिक और आकाश उर्फ मानुस चंद्रभान पराते की तलाश में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी सामने आने की संभावना है।




