Published On : Mon, Jul 18th, 2016

अमेरिका : डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ 100 से ज्यादा महिलाओं ने निर्वस्त्र फोटो शूट में हिस्सा लिया

Advertisement

Women participate in a photo shoot by artist Spencer Tunick in his latest large-scale art installation.

Women participate in a photo shoot by artist Spencer Tunick in his latest large-scale art installation.

क्लीवलैंड: अमेरिका के क्लीवलैंड शहर में 100 से ज्यादा महिलाओं ने एक फोटोग्राफर के बुलावे पर निर्वस्त्र हो, हाथ में आईना लेकर कैमरे के लिए पोज़ किया। ऐसा करने के पीछे का उद्देश्य यह था कि कला और राजनीति को साथ जोड़कर दिखाया जा सके कि डोनाल्ड ट्रंप व्हाईट हाउस के लिए नाक़ाबिल हैं।

रिपब्लिकन नेशनल कनवेंशन की पूर्वसंध्या पर यह सभी लोग इकट्ठा हुए और न्यू यॉर्क के अरबपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ अपना विरोध कुछ इस तरीके से दर्ज किया। ट्रंप को शुरूआती दौड़ में जीत हासिल करने के बाद पार्टी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए नामांकित करने जा रही है, हालांकि उनके विचारों को लेकर पार्टी के भीतर और देश भर में अभी भी काफी संशय है।

प्रसिद्ध फोटोग्राफर स्पेंसर ट्यूनिक ने ट्रंप के खिलाफ इस फोटो शूट का आयोजन किया जिसमें 130 महिलाओं ने हिस्सा लिया। ट्युनिक के मुताबिक ट्रंप ‘लूज़र’ हैं। इस शूट में से 100 महिलाएं की तस्वीरें 8 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से कुछ दिन पहले सार्वजनिक की जाएंगी। ट्यूनिक ने यह शूट क्लीवलैंड में एक निजी प्रोपर्टी पर किया था ताकि पुलिस हस्तक्षेप न कर सके, ऐसा इसलिए भी क्योंकि इस शहर में सार्वजनिक तौर पर नग्नता गैर कानूनी है। हालांकि ट्यूनिक ने क्लवीलैंड को इसलिए भी चुना क्योंकि रिपब्लिकन पार्टी का कनवेंशन भी इसी शहर में (आज ) सोमवार से शुरू होने वाला है।

प्रगतिवादी महिलाओं की सोच
इस फोटो आर्ट का नाम ‘Everything She Says Means Everything’ है जिसमें हर रंग, रूप, कद-काठी की महिलाओं ने हाथ में आईना लेकर हिस्सा लिया। इन आईनों से फोटोग्राफर का तात्पर्य प्रगतिवादी महिलाओं की समझदारी और ज्ञान है जिससे वह दुनिया को देखती हैं।

बता दें कि ट्युनिक निर्वस्त्र लोगों की सामूहिक तस्वीरे खींचने के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं। हालांकि ट्युनिक ने साफ किया कि यह उनका पहला राजनीतिक मुद्दे पर किया गया शूट है क्योंकि उन्हें इसकी जरूरत महसूस हुई। उनके मुताबिक ट्रंप के खिलाफ वोट कर देने से ही बात नहीं बनेगी। उन्होंने कहा ‘मेरी दो बेटियां और पत्नी है। मुझे यकीन ही नहीं होता कि रिपब्लिकन पार्टी का कोई नेता महिलाओं और अल्पसंख्यकों के खिलाफ इस तरह की भाषा इस्तेमाल कर सकता है।’ ट्युनिक को महसूस हुआ कि ऐसी ‘बेवकूफाना’ सोच के विरोध में उन्हें कुछ करना चाहिए।

Advertisement

18 साल की मॉर्निंग रोबिनसन ने इस फोटो शूट में अपनी मां के साथ हिस्सा लिया , वह कहती हैं ‘रिपब्लिकन सोचते हैं कि औरतों को समाज में एक तय तरीके से उठना बैठना चाहिए जिससे मैं बिल्कुल सहमत नहीं हूं। मैं सिर्फ इतना जानती हूं कि मेरे विचार उन लोगों से नहीं मेल खाते हैं।’ बता दें कि ट्रंप ने चुनावी अभियान के दौरान अमेरिका में मुसलमानों के घुसने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी, साथ ही उन्होंने कहा था कि मेक्सिको से लगी सीमा पर एक दीवार खड़ी की जाए ताकि गैर कानूनी प्रवासी देश में न आने पाएं। इसके अलावा वह महिलाओं को लेकर भी अपनी रूढ़िवादी राय के लिए ओलचकों के घेरे में आ चुके हैं।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.