Published On : Mon, Feb 14th, 2022
By Nagpur Today Nagpur News

‘अजनी वन’ पर आदित्य ठाकरे ने कहा- नागपुर के नेताओं के साथ संघर्ष की भूमिका नहीं

Advertisement

नागपुर. अजनी इंटर मॉडल स्टेशन विकास के लिए अजनी वन में पेड़ों की कटाई का पर्यावरण प्रेमियों द्वारा विरोध किया जा रहा है. इस संदर्भ में पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि इस विषय में नागपुर के नेताओं के साथ संघर्ष की भूमिका में नहीं हैं. अजनी वन के लिए स्थानीय नागरिकों से अनेक शिकायतें आई थीं जिसमें अजनी वन को बचाने की अपील है. उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि स्टेशन किसी को नहीं चाहिए लेकिन अगर यह पर्यावरण की रक्षा करते हुए हो सकता है तो मैं इसका पक्षधर हूं.

फ्लाई ऐश डंपिंग किया बंद
ठाकरे ने कहा कि खापरखेड़ा विद्युत प्रकल्प का फ्लाई ऐश नांदगांव में डंप किया जा रहा है जिसे वहां के नागरिकों की शिकायत पर बंद किया है. नांदगांव डंपिंग का जायजा लेने वे सोमवार को खुद वहां जाने वाले हैं. फिलहाल फ्लाई ऐश डंपिंग के संदर्भ में परमानेंट निराकरण के लिए रास्ता निकालने पर जोर देंगे. उन्होंने कहा कि विदर्भ के नागरिक पर्यावरण प्रेमी हैं. यह अच्छी बात है यहां अच्छे जंगल हैं, टाइगर हैं. पर्यटन विकास की भरपूर अवसर विदर्भ में हैं. उन्होंने बताया कि चंद्रपुर व नागपुर जिले में प्रदूषण की अनेक शिकायतें हैं जिसकी जानकारी वे ले रहे हैं. चंद्रपुर के रामाला तालाब के संदर्भ में शिकायत मिली थी. वहां जाकर सौंदर्यीकरण व स्वच्छता के संदर्भ में बैठक लेकर समस्या का निराकरण करेंगे.

हम एक टीम हैं
चुनाव संबंधी सवालों के जवाब में ठाकरे ने कहा कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के नेतृत्व व बालासाहब ठाकरे के आशीर्वाद से हम चुनाव लड़ते हैं. राज्य में आघाड़ी और पदाधिकारियों को साथ लेकर चुनाव लड़ते हैं. हम एक टीम के रूप में काम करते हैं. उन्होंने गोवा के संदर्भ में सवालों को यह कहकर टाल दिया कि सोमवार को वहां वोटिंग है इसलिए कुछ कहना ठीक नहीं होगा. सोमवार को वे विभागीय आयुक्त कार्यालय नागपुर में पर्यटन विषय पर बैठक लेने वाले हैं. नागपुर फ्लाइंग क्लब का उद्घाटन भी करेंगे.

पदाधिकारियों ने किया स्वागत
विमानतल पर शिवसेना पदाधिकारी व शिवसैनिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे. पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया. इस दौरान शहर प्रमुख नितिन तिवारी ने ठाकरे का स्वागत किया. उन्होंने शहर संगठन को मजबूत करने के संदर्भ में भी उनसे बात की.

Advertisement
Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.