Published On : Thu, Aug 7th, 2025
By Nagpur Today Nagpur News

“उसने मना किया… मंदिर में जो हुआ वो हैरान कर देगा!”

Advertisement

नागपुर:  नागपुर जिले के गुमथी गांव में गुरुवार को एकतरफा प्रेम में पागल युवक ने 20 वर्षीय युवती पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। यह दिल दहला देने वाली घटना गांव के हनुमान मंदिर परिसर में उस वक्त हुई, जब युवती पूजा करने पहुंची थी। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके बाएं हाथ की चार उंगलियां पूरी तरह कट गईं।

आरोपी की पहचान रोशन दीपक सोनेकर (32) के रूप में हुई है, जो गुमथी का ही निवासी है और शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि वह बीते कुछ वर्षों से युवती का पीछा कर रहा था और नशे की हालत में उसे बार-बार परेशान करता था। उसकी पत्नी पहले ही उसे छोड़ चुकी है।

पहले भी की थी बदतमीज़ी, FIR के बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं

पीड़िता ने कई बार रोशन को स्पष्ट रूप से मना किया था, लेकिन वह बाज नहीं आया। 25 अप्रैल 2025 को उसने कोराडी नाके पर युवती से बदतमीज़ी की थी और उसके घर में घुसकर मारपीट भी की थी। इस घटना की शिकायत कोराडी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई कड़ी कार्रवाई न होने से आरोपी के हौसले और बढ़ गए।

लगातार मानसिक उत्पीड़न के कारण युवती को अपनी बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई छोड़नी पड़ी थी।

Advertisement

मंदिर में हमला, उंगलियां कटीं, हालत गंभीर

गुरुवार सुबह जब पीड़िता हनुमान मंदिर में पूजा करने गई थी, तभी पीछे से आकर रोशन ने सब्जी काटने वाले चाकू से उसके गले पर वार कर दिया। युवती ने बहादुरी दिखाते हुए दूसरा वार रोकने की कोशिश की, लेकिन इसी प्रयास में उसके बाएं हाथ की चार उंगलियां कट गईं।

घटना के बाद वह खून से लथपथ हालत में घर भागी और अपनी मां को पूरी घटना बताई। उसे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे नागपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

आरोपी फरार, केस दर्ज, तलाश जारी

इस संबंध में खापरखेड़ा पुलिस स्टेशन में रोशन सोनेकर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है, लेकिन वह अब तक फरार है।

गांव में इस घटना के बाद दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने आरोप लगाया है कि पहले की शिकायत पर कार्रवाई होती, तो यह भयावह हमला रोका जा सकता था।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.