Published On : Tue, Apr 26th, 2022
By Nagpur Today Nagpur News

अब एप बताएगा कहां है आपकी बस, ST महामंडल ने शुरू किया MSRTC एप

Advertisement

नागपुर. अगर आप एसटी महामंडल की बसों में सफर करते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है. महामंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक एप बनवाया है. जिसमें यात्री घर से निकलने से पहले अपनी बस की पूरी लोकेशन जान सकेंगे. साथ ही असुविधा होने पर अपनी शिकायत और फीडबैक भी दे सकेंगे. एप में इमरजेंसी नंबर भी मिलेंगे जिन पर कॉल करके कभी भी सहायता प्राप्त की जा सकेगी.

इसके साथ ही पूरे जिले में करीब 19 डिस्प्ले लगाई जाएगी जो यात्रियों को बस से संबंधित प्रत्येक अपडेट समय से देंगी. इसके लिए सभी बसों में जीपीएस सिस्टम लगा दिया गया है. एसटी महामंडल द्वारा तैयार किए गए एप का नाम एमएसआरटीसी (महाराष्ट्र स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन) है. इसे किसी भी एंड्रॉयड मोबाइल के प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है.

अधिकारियों के अनुसार एप को लॉन्च करने के पीछे सबसे बड़ा कारण यात्रियों की समस्याओं को हल करना है. बस की लोकेशन पता न होने से कई यात्री एसटी स्टैंड पर समय से पहले पहुंचकर परेशान होते हैं. अब वे तय समय पर ही आ सकेंगे. साथ ही अगर बस में यात्रा के दौरान किसी भी यात्री को कोई असुविधा होती है तो तुरंत एप में दिए नंबर पर कॉल कर शिकायत कर सकता है. जिससे बस की सर्विस सुधारने में आसानी होगी. फिलहाल महामंडल पूरे राज्य में अपने इस एप के बारे में यात्रियों को जानकारी दे रहा है जिससे व्यवस्था को तुरंत एक्टिव किया जा सके.

यात्रियों को होंगे यह लाभ
यात्री यात्रा से पूर्व ही बस की पूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे. अगर बस नियत समय से नहीं चल रही है. बस स्टॉप द्वारा बस को अनर्गल तरीके से तय रूट की जगह दूसरे रास्ते पर चलाया जा रहा है. या अन्य किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर एप के माध्यम से शिकायत की जा सकेगी. जिस पर एक्शन लेने के लिए अधिकारियों द्वारा एक विशेष टीम भी बनाई गई है जो शिकायत मिलने पर एक्टिव हो जाएगी और मामले की जांच कर संबंधित दोषी को सजा दिलाने का काम करेगी. एप में सभी बसों के नंबर भी दिए गए हैं जिनके माध्यम से वे बस का रूट पता कर सकेंगे.

Advertisement

बसों का मेंटेनेंस पर फोकस
बसें सही तरीके से काम करें इसके लिए अधिकारियों का फोकस बसों का मेंटेनेंस पर भी है. कई बसें डिपो से जाने के बाद खराब हो जाती हैं जिससे गर्मियों के दिनों में यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है. इस मामले पर अधिकारियों का कहना है कि वैसे तो सभी बसें पूर्ण मेंटेनेंस के बाद ही डिपो से रवाना होती हैं. अगर मेंटेनेंस में कोई खामी है तो उसे दुरुस्त किया जा सकेगा. बता दें कि पिछले दिनों शिवशाही बस रास्ते में खराब हो गई थी जिसके कारण यात्रियों को करीब दो घंटे धूप में गुजारने पड़े.

बस की लोकेशन ट्रेस कर सकेंगे यात्रियों की सुविधा के लिए एमएसआरटीसी एप लॉन्च किया है. इसे कोई भी यात्री अपने एंड्राइड मोबाइल के प्ले स्टोर से आसानी से डाउनलोड कर सकेंगे. इसका फायदा यह होगा कि यात्री बस की लोकेशन जान सकेंगे. वे अपना फीडबैक और शिकायत भी आसानी से दर्ज कर सकेंगे. सभी बसों में जीपीएस सिस्टम लगा दिया गया है.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.